राजीव शर्मा के रोड शो के दौरान थार गाड़ी ने महिला को मारी टक्कर, गुजर गया काफिला, तड़पती रही महिला..
भाजपा प्रत्याशी राजीव शर्मा के लिए मुख्यमंत्री ने निकाला रोड़ शो, घायल महिला को निर्दलीय प्रत्याशी ने पहुंचाया अस्पताल..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: नगर पालिका शिवालिक नगर से भाजपा प्रत्याशी व निवर्तमान अध्यक्ष राजीव शर्मा के प्रचार में निकल गए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रोड शो के दौरान भाजपा नेताओं की एक थार गाड़ी ने एक महिला को अपनी चपेट में ले लिया। महिला भी भाजपा प्रत्याशी राजीव शर्मा की समर्थक बताई गई है। महिला सड़क पर तड़पती रह गई और काफिला आगे निकल गया। एक निर्दलीय सभासद प्रत्याशी रोबिन कुमार ने महिला को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। इस पूरी घटना के अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
दरअसल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को शिवालिक नगर क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी राजीव शर्मा के लिए रोड शो निकाला। टिहरी विस्थापित कॉलोनी से मुख्यमंत्री का काफिला गुजरने के दौरान एक थार गाड़ी ने सड़क किनारे खड़ी महिला को टक्कर मार दी।
जिस महिला घायल हो गई और लड़खड़ाकर नीचे गिर पड़ी। जिससे आसपास खड़े स्थानीय निवासियों में अफरा तफरी मच गई।
तभी आसपास मौजूद क्षेत्र से निर्दलीय सभासद प्रत्याशी रोबिन कुमार और उनके समर्थक दौड़कर महिला के पास पहुंचे और अपनी गाड़ी से आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया।
काफिले के दौरान भाजपायों के लापरवाही और संवेदनहीनता के कई अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। हालांकि पुलिस को भी संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है।
जबकि घायल महिला भी भाजपा समर्थक बताई जा रही है। अस्पताल में भर्ती महिला का एक और वीडियो सामने आया है। जिसमें महिला के गले में भाजपा का पटका डला है।