अपराधहरिद्वार

कलयुगी बेटे ने की थी बाप की गोली मारकर हत्या, 48 घंटे में पुलिस ने किया पर्दाफाश, मामूली विवाद बना खौफनाक वारदात की वजह..

ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा: कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल ने टीम की सूझबूझ और मेहनत को सराहा..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: मामूली विवाद इतना बड़ा रूप लेगा, किसी ने सोचा न था! पिता की डांट से तंग आकर 19 साल के बेटे ने ही उसे सीने में गोली मार दी और फिर बेफिक्री से बगल के कमरे में जाकर सो गया। सुबह मगरमच्छ के आंसू बहाकर मातम मनाने की एक्टिंग की, लेकिन हरिद्वार पुलिस की पैनी नजरों ने असली कातिल को पहचान लिया। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने थाना खानपुर में इस सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए बताया कि खानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महज 48 घंटे में सच्चाई को उजागर कर दिया। तकनीकी साक्ष्यों के अभाव में पूरी जांच मैन्युअल पुलिसिंग पर आधारित थी, लेकिन टीम की सूझबूझ, सतर्कता और अथक प्रयासों ने इस केस को अंजाम तक पहुँचाया।
————————————–
घटना की जानकारी व प्रारंभिक जांच……खानपुर थाना क्षेत्र के हस्तमौली बस्ती निवासी युवक सौरभ ने 112 पर कॉल कर सूचना दी कि उसके पिता मलखान को किसी ने गोली मार दी है। थाना खानपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और सुबह 4:30 बजे घटनास्थल का मुआयना किया गया। मृतक मलखान पुत्र महेन्द्र सिंह को सीने में गोली मारी गई थी।
————————————–
ब्लाइंड केस बनी चुनौती…..घटनास्थल पर कोई सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्य या प्रत्यक्षदर्शी नहीं था। केस पूरी तरह अंधेरे में था। ऐसे में एसएसपी के निर्देशन में थाना प्रभारी रविन्द्र शाह की अगुवाई में पुलिस टीम ने मैन्युअल जांच की कमान संभाली और पारंपरिक पुलिसिंग से सुराग खोजने शुरू किए।
————————————–
संदेह की सुई बेटे की तरफ घूमी….जांच के दौरान मृतक का बड़ा बेटा सूरज संदिग्ध प्रतीत हुआ, जो सोशल मीडिया और गेम्स में लिप्त रहता था और पिता की रोक-टोक से खफा रहता था। घटना की रात दोनों के बीच मामूली बहस हुई थी। पुलिस को सूरज की ओवरएक्टिंग और नकली आंसुओं में छुपी चालाकी पर संदेह हुआ।
————————————–
पूछताछ में टूटा सूरज, कबूला गुनाह….सघन पूछताछ में सूरज टूट गया और जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह रोज-रोज की डांट से परेशान था और पिता की हत्या की योजना बना चुका था। उसी रात जब मलखान सो गए, तो सूरज ने 12 बोर के तमंचे से उनके सीने में गोली मार दी और फिर गन्ने के खेत में हथियार फेंक आया।
————————————–
बरामदगी और कार्यवाही……पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया और सूरज को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
————————————–
आरोपी की पहचान….
सूरज पुत्र मलखान, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम हस्तमौली बस्ती, थाना खानपुर, हरिद्वार।
————————————–
सम्मान और पुरस्कार…..
इस जटिल केस को हल करने पर पुलिस टीम को एसएसपी हरिद्वार द्वारा ₹5000 और पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा ₹25000 का पुरस्कार घोषित किया गया।
————————————–
काबिल-ए-तारीफ पुलिस टीम…
1:- प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र शाह
2:- एसएसआई अशोक सिरसवाल
3:- समीप पाण्डेय (चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर)
4:- उ0नि0 उपेन्द्र सिंह
5:- उ0नि0 भजराम चौहान
6:- म0उ0नि0 कल्पना शर्मा
7:- हे0का0 भीम सिंह
8:- का0 अरविन्द रावत
9:- का0 त्रिपेन सिंह
10:- का0 अशोक
11:- का0 दीपक भारती
————————————–
पहले भी ब्लाइंड केस सुलझा चुके इंस्पेक्टर रविन्द्र शाह…….खानपुर इंस्पेक्टर रविंद्र शाह इससे पहले भी ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझा कर लोहा मनवा चुके हैं। डोईवाला के प्रॉपर्टी डीलर की खानपुर में हत्या कर शव फेंक दिया गया था। इंस्पेक्टर रविंद्र शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने न सिर्फ शव की पहचान कराई, बल्कि चंद दिनों में ही उसकी हत्या का पर्दाफाश करते हुए आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था। वहीं, झबरेड़ा व बहादराबाद में भी उन्होंने कई वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया। उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें राज्यपाल पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »
error: Content is protected !!