“नवनियुक्त मीडिया पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री धामी से की मुलाकात, जीत की राह प्रशस्त करने का संकल्प..

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के मीडिया विभाग के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पार्टी के मीडिया पदाधिकारियों पर अब बड़ी जिम्मेदारी है। उन्हें सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुँचाना होगा और मिशन 2027 की विजय यात्रा का मार्ग प्रशस्त करना होगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस कथन को दोहराया कि “यह दशक उत्तराखंड का है”। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद और संगठन की निष्ठा से इस संकल्प को धरातल पर उतारना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और प्रदेश सरकार की योजनाओं से उत्तराखंड निरंतर प्रगति कर रहा है। अब यह दायित्व है कि मीडिया विभाग अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनता और सरकार के बीच सेतु का काम करे।
प्रदेश मीडिया सह संयोजक विकास तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री और संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और लगन से निभाएंगे। इस अवसर पर पार्टी के नवनियुक्त मुख्य प्रवक्ता सुरेश जोशी, मीडिया संयोजक आदित्य चौहान, मीडिया सह संयोजक विनय गोयल और राजेंद्र नेगी भी उपस्थित रहे।