
पंच👊नामा
जगदीश प्रसाद शर्मा, देशप्रेमी, रुड़की: देहरादून से आई विजिलेंस टीम ने रुड़की में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी डॉक्टर को रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी डॉक्टर की पहचान आभास सिंह के रूप में हुई है, जो मेडिकल रिपोर्ट बनाने के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
पीड़ित व्यक्ति से मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने के एवज में डॉक्टर ने रुपये की मांग की थी। परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत देहरादून स्थित विजिलेंस विभाग से की। शिकायत सही पाए जाने पर विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी डॉक्टर को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद विजिलेंस टीम आरोपी डॉक्टर को अपने साथ लेकर चली गई। इस घटना के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन और विभागीय अधिकारियों में खलबली है।
विजिलेंस टीम ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।



