
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: कोतवाली नगर पुलिस ने दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज़ चार घंटे के भीतर तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वारदात में शामिल आरोपियों को नहर पटरी क्षेत्र से दबोचते हुए उनके कब्जे से वाहन भी बरामद किया है। मामले में होटल संचालक पर बिना आईडी कमरा देने और आपराधिक षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई। बीते दिन पीड़िता की तहरीर पर अंकित और श्याम पर दुष्कर्म व गोविन्दा पर सहयोग करने के आरोप में कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक निशा सिंह को सौंपी गई।
शहर कोतवाल रितेश शाह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घोड़ा घाट के पास नहर पटरी पर मारुति सुजुकी टूर कार में बैठे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार होटल प्रबंधक द्वारा बिना पहचान पत्र और रजिस्टर में प्रविष्टि किए कमरा उपलब्ध कराया गया था, जिससे वारदात को अंजाम देने में मदद मिली।
क्या है पूरा मामला…..
पुलिस के मुताबिक पीड़िता की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि अंकित वर्मा और श्याम साहू ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया, जबकि गोविन्दा सिंह ने सहयोग किया। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी….
1:- अंकित वर्मा (35 वर्ष) निवासी बिजनौर, हाल निवासी ज्वालापुर हरिद्वार
2:- श्याम साहू (26 वर्ष) निवासी शास्त्री नगर, ज्वालापुर हरिद्वार
3:- गोविन्दा सिंह (37 वर्ष) होटल प्रबंधक, सुकून गेस्ट हाउस, हरिद्वार
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम….
1:- प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह
2:- वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्द किशोर ग्वाड़ी
3:- महिला उपनिरीक्षक निशा सिंह
4:- उपनिरीक्षक आशीष नेगी
5:- कांस्टेबल अनिल, अर्जुन, रमेश
महिला कांस्टेबल ममता व शोभा



