
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: बहादराबाद थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में पूर्व ग्राम प्रधान के बेटे की भी मौत होने से गांव में गहरा शोक व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अलीपुर निवासी राहुल और राजकमल एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान गांव के समीप सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बाइक जलकर राख हो गई।
सूचना मिलते ही बहादराबाद इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह मय पुलिस टीम के मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है।
बताया जा रहा है कि मृतकों में से एक युवक पूर्व ग्राम प्रधान का बेटा था, जिससे गांव में शोक की लहर और भी गहरा गई है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पूरा अलीपुर गांव इस दर्दनाक हादसे के बाद मातम में डूबा हुआ है। हर आंख नम है और क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। पुलिस के अनुसार अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है और मामले की जांच की जा रही



