“एक्स मुस्लिमों के साथ टोपी वालों के हरकी पैड़ी पहुंचने पर विवाद, राम विशाल देव पर फायर हुई श्री गंगा सभा, बताया संत के भेष में कालनेमी..
उत्तर प्रदेश से हरिद्वार पहुंची एक्स मुस्लिमों की यात्रा को हरकी पैड़ी लेकर पहुंचे पूर्व कांग्रेस नेता राम विशाल, मुस्लिम टोपी वालों का वीडियो वायरल..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: एक्स मुस्लिमों के साथ कुछ मुस्लिम टोपी वालों के हरकी पैड़ी पहुंचने पर नया विवाद खड़ा हो गया है। श्री गंगा सभा ने इस पर आपत्ति जताते हुए यात्रा को हरकी पैड़ी लाने वाले कथित संत राम विशाल देव पर निशाना साधा है।
श्री गंगा सभा के अध्यक्ष पंडित नितिन गौतम ने राम विशाल देव को संत के भेष में कालनेमी करार दिया है और बहिष्कार की मांग की है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, एक एक्स मुस्लिम और राम विशाल देव ने इस पर सफाई दी है। मगर गंगा सभा ने कानूनी कार्रवाई की बात भी कही है।
एक्स मुस्लिम यानि इस्लाम धर्म छोड़ चुके कुछ लोगों का एक ग्रुप इन दिनों यात्रा निकाल रहा है। यात्रा के हरिद्वार पहुंचने पर कथित संत व पूर्व कांग्रेस नेता राम विशाल देव ने यात्रा का स्वागत किया और हरकी पैड़ी ले गए। जहां विधि विधान से एक्स मुस्लिमों का स्वागत किया गया।
इस दौरान कुछ मुस्लिम नाम वाले लोग ही मौजूद नहीं रहे, बल्कि मुस्लिम टोपी लगाए हुए भी कई लोग नजर आए। वीडियो वायरल होने के बाद हरकी पैड़ी की प्रबंधक कारिणी और तीर्थ पुरोहितों की सर्वोच्च संस्था ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई।
श्री गंगा सभा के अध्यक्ष पंडित नितिन गौतम ने कहा कि राम विशाल देव ने हरिद्वार की जनता और सनातन धर्म को ठगने का काम किया है, ऐसे लोगों का बहिष्कार होना चाहिए। ऐसे लोगों को टोपी पहनाकर हरकी पैड़ी ले गए हैं, जिनके लिए एक्ट बना है, इससे हमें गहरा आघात लगा है।
नितिन गौतम ने कहा कि पूर्व कांग्रेस नेता राम विशाल देव भगवे कपड़े में दिखाई दे रहे हैं, उन्होंने सनातन को कलंकित करने, हरिद्वार की जनता व सनातन को ठगने का काम किया है, ये संत के भेष में कालनेमी घूम रहे हैं। इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। साथ शासन-प्रशासन को भी ऐसे लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए। तीर्थ की मान मर्यादा तोड़ने वालों को मुंह तोड़ देने का काम करेंगे।



