“चम्पावत दुष्कर्म कांड पर फूटा गुस्सा, हरिद्वार में सुराज सेवा दल का उग्र प्रदर्शन..
कानून व्यवस्था दुरुस्त न हुई तो सरकार के खिलाफ पूरे प्रदेश में आंदोलन की चेतावनी, (देखें वीडियो)..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और चम्पावत सामूहिक दुष्कर्म कांड को लेकर मंगलवार को हरिद्वार में सुराज सेवा दल का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर गहरी नाराजगी जताते हुए आरोपियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए कठोरतम सजा देने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान माहौल पूरी तरह आक्रोश से भरा नजर आया। कार्यकर्ताओं ने “बेटी बचाओ, बेटी को न्याय दिलाओ”, “महिलाओं पर अत्याचार बंद करो”, “अपराधियों को फांसी दो” और “निकम्मी सरकार होश में आओ” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंजा दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि देवभूमि उत्तराखंड में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने आम जनता का भरोसा हिला दिया है। महिलाओं और बेटियों में भय का माहौल बना हुआ है और सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।
प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि चम्पावत की घटना केवल एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि पूरी मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात है। उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश में मातृशक्ति को देवी का स्वरूप माना जाता है, वहां बेटियों के साथ इस तरह की हैवानियत होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों के मन से कानून का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है। यही वजह है कि दुष्कर्म, छेड़छाड़ और महिलाओं के उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने जिस उम्मीद और विश्वास के साथ सरकार को चुना था, आज वही जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। दिनदहाड़े अपराध हो रहे हैं, लेकिन सरकार केवल बयानबाजी और कागजी दावों तक सीमित है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर होती तो चम्पावत जैसी घटनाएं सामने नहीं आतीं।
रमेश जोशी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए तो सुराज सेवा दल पूरे प्रदेश में बड़ा जनआंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में केवल कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था भी चरमरा चुकी है। भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, माफियाराज और प्रशासनिक उदासीनता से जनता त्रस्त है। आम आदमी खुद को असहाय महसूस कर रहा है, जबकि सरकार जनता की समस्याओं से आंखें मूंदे बैठी है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखने को मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई न होने के कारण उनके हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि चम्पावत सामूहिक दुष्कर्म कांड के सभी आरोपियों के खिलाफ तेजी से मुकदमा चलाकर उन्हें कठोरतम सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी ऐसी घिनौनी हरकत करने की हिम्मत न जुटा सके।
इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदर्शन में अजय मौर्या, सोनम, राहुल, नितिन कटारिया, इंतजार, नौशाद आलम, सुंदर, सोनू, आदित्य सती, प्रवीण अग्रवाल, हिमानी अग्रवाल और राहुल समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सुराज सेवा दल ने साफ किया कि संगठन जनता और मातृशक्ति की सुरक्षा के मुद्दे पर लगातार संघर्ष करता रहेगा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


