“कोतवाली चकराता में पुलिसिंग का ‘रिव्यू मोड’, सीओ विवेक सिंह कुटियाल ने किया कोतवाली का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, सभी व्यवस्थाए मिली चुस्त-दुरुस्त..

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस महकमे में अनुशासन, रिकॉर्ड प्रबंधन और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की कवायद लगातार जारी है।
इसी क्रम में कोतवाली चकराता में हुए अर्द्धवार्षिक निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल की गई। निरीक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को हाई लेवल अनुशासन बनाए रखने, शिकायतों के त्वरित निस्तारण और बेहतर पुलिसिंग के लिए सख्त हिदायतें दी गईं।
क्षेत्राधिकारी विकासनगर विवेक सिंह कुटियाल ने ब्रस्पतिवार को कोतवाली चकराता का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण 01 जुलाई 2025 से 31 दिसंबर 2025 की अवधि से संबंधित था। निरीक्षण के दौरान सबसे पहले सलामी गार्द का निरीक्षण किया गया, जिसके बाद मालखाने में रखे मालों के रख-रखाव, साफ-सफाई और लंबित मालों के निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रभारी निरीक्षक बीएल भारती की मौजूदगी में कोतवाली परिसर की साफ-सफाई, लावारिस व सीजशुदा वाहनों के रख-रखाव और उनके शीघ्र निस्तारण की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। साथ ही असलाहों की साफ-सफाई की जांच कर अधिकारियों और कर्मचारियों से वैपन हैंडलिंग भी कराई गई।
एसएसआई कृष्ण कुमार की उपस्थिति में अपराध रजिस्टर, न्यायालय अहकामात, पुलिस अहकामात और अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया गया। अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और समय-समय पर अपडेट रखने पर कार्यालय कर्मचारियों को प्रोत्साहित भी किया गया।
निरीक्षण के दौरान सभी ऑनलाइन पोर्टल और सीसीटीएनएस से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के बाद क्षेत्राधिकारी विकासनगर और प्रभारी निरीक्षक ने कर्मचारियों व अधिकारियों की क्राइम मीटिंग लेकर कमांडर स्तर से जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। साथ ही सभी को उच्चकोटि का अनुशासन बनाए रखते हुए बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।



