
पंच👊नामा-ब्यूरो
उत्तराखंड: ऊधमसिंहनगर में नशे के कारोबार पर एक बार फिर कुमायूँ STF और पुलभट्टा पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक ऐसे आरोपी को दबोच लिया, जो भारी मात्रा में डोडा, देशी तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ इलाके में घूम रहा था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” विज़न के तहत चलाए जा रहे अभियान में यह कार्रवाई बेहद अहम मानी जा रही है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के मार्गदर्शन व कुमायूँ परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में एस0ओ0टी0एफ0 कुमायूँ और थाना पुलभट्टा पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन को अंजाम दिया।
उत्तराखंड एसटीएफ के कप्तान अजय सिंह के निर्देश पर थाना पुलभट्टा क्षेत्र के सिरौली कला इलाके में वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी आकिब पुत्र मुख्तायर अहमद निवासी वार्ड नम्बर 06, सिरौली कला, किच्छा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 16.560 किलोग्राम डोडा, एक देशी तमंचा, 315 बोर के 10 जिंदा कारतूस तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना पुलभट्टा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आरोपी से गहन पूछताछ कर यह पता लगाया जाए कि अवैध डोडा और हथियारों की सप्लाई कहां से हो रही थी और किन इलाकों तक इसका नेटवर्क फैला हुआ है।
कुमायूँ पुलिस की ओर से बताया गया कि पिछले आठ महीनों में एस0ओ0टी0एफ0 ने नशे के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाते हुए अवैध मेडिकल स्टोर्स और तस्करों पर शिकंजा कसा है। इस दौरान अब तक 794 नशीले इंजेक्शन और 44,170 नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।



