
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सीसीटीवी कैमरों की पैनी नजर, मुखबिर तंत्र की सटीक सूचना और पांच साल पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड की पड़ताल ने आखिरकार वाहन चोर गिरोह के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
भगवानपुर पुलिस ने तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 12 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में हरिद्वार के अलावा हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से चोरी हुई बुलेट भी शामिल है। आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर पर पहले से 11 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दूसरे आरोपी के खिलाफ दो मामले दर्ज पाए गए हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जनपद में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया था।
उन्होंने बताया कि 12 मई को करौंदी निवासी मतलूब की बाइक और 10 जून को सिकंदरपुर भैंसवाल निवासी अहसान की बाइक चोरी होने के संबंध में भगवानपुर कोतवाली में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
इसके बाद पुलिस ने करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और पिछले पांच वर्षों में जेल से छूटे वाहन चोरों का सत्यापन अभियान चलाया। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर समेत सीमावर्ती जनपदों के थानों और जेलों से भी सूचनाएं जुटाई गईं।
प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार चेकिंग अभियान चलाते हुए खेलपुर रोड से खानपुर जाने वाले मार्ग पर तीन संदिग्ध युवकों को चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों का खुलासा किया और उनकी निशानदेही पर कुल 12 चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए गए। इनमें थाना कलियर क्षेत्र से चोरी हुई एक मोटरसाइकिल और हिमाचल प्रदेश के बद्दी जनपद से चोरी हुई बुलेट मोटरसाइकिल भी शामिल है। अन्य वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सैनी पुत्र सतपाल निवासी अम्बेहटी थाना नकुड़ जनपद सहारनपुर, कुलदीप कुमार पुत्र भूल्लन निवासी दादनौर थाना नकुड़ जनपद सहारनपुर तथा मुनव्वर पुत्र बसीर निवासी कुंडाकला थाना गंगोह जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि कुलदीप सैनी के खिलाफ चोरी, गैंगस्टर एक्ट, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि कुलदीप कुमार के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं। तीसरे आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि सीमावर्ती जनपदों तक फैली जांच और लगातार चलाए जा रहे अभियान का ही परिणाम है कि शातिर अपराधी सलाखों के पीछे पहुंचाए जा सके हैं। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि हरिद्वार में अपराध कर बच निकलना अब आसान नहीं है और अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, उपनिरीक्षक मुकेश नौटियाल, उपनिरीक्षक आशीष नेगी, उपनिरीक्षक नीरज रावत, उपनिरीक्षक सुनीत दत्त, उपनिरीक्षक बालाराम जोशी, हेड कांस्टेबल गीतम सिंह, कांस्टेबल सचिन तोमर, कांस्टेबल रविंद्र राणा, कांस्टेबल उवैद, कांस्टेबल सुशील तोमर, हेड कांस्टेबल निर्मल जोशी व विनय थपलियाल शामिल रहे।



