“कांवड़-2026 को लेकर उत्तराखंड-यूपी पुलिस का मेगा मंथन, बॉर्डर से लेकर ट्रैफिक तक हर मोर्चे पर फुलप्रूफ तैयारी..
श्यामपुर में साझा सुरक्षा रणनीति तैयार, भगवानपुर में बॉर्डर थाना प्रभारियों के साथ कांवड़ मार्ग का लिया जायजा..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: श्रावण कांवड़ मेला-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर हरिद्वार पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
अंतर्राज्यीय समन्वय से लेकर बॉर्डर सुरक्षा, ट्रैफिक डायवर्जन, भीड़ प्रबंधन और कांवड़ मार्ग के संयुक्त स्थलीय निरीक्षण तक पुलिस महकमा पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया।
रविवार को श्यामपुर और भगवानपुर क्षेत्र में आयोजित बैठकों व निरीक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों ने साझा रणनीति तैयार कर सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक यातायात हरिद्वार निशा यादव व पुलिस अधीक्षक नगर हरिद्वार अभय सिंह के नेतृत्व में थाना श्यामपुर क्षेत्र स्थित पिनाका होटल में हरिद्वार पुलिस और जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मध्य अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक बिजनौर गौतम राय, क्षेत्राधिकारी नगर हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी, क्षेत्राधिकारी नजीबाबाद आकांक्षा गौतम, क्षेत्राधिकारी यातायात हरिद्वार भूपेन्द्र सिंह, थानाध्यक्ष श्यामपुर नितेश शर्मा सहित दोनों जनपदों के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक में हैवी वाहनों की आवाजाही के समय निर्धारण, प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन प्लान, अंतर्राज्यीय बॉर्डर पर सघन चेकिंग, डीजे संचालन संबंधी शासन के दिशा-निर्देशों के पालन, भीड़ प्रबंधन, वायरलेस संचार के माध्यम से त्वरित समन्वय तथा कांवड़ यात्रियों के लिए पेयजल,
चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कांवड़ यात्रा मार्ग और प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट्स का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया
और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम के समापन पर हरिद्वार पुलिस ने बिजनौर से आए अधिकारियों को गंगाजल भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।
वहीं, भगवानपुर क्षेत्र में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने आगामी कांवड़ मेला-2026 के दृष्टिगत पड़ोसी राज्य के अधिकारियों के साथ बॉर्डर समन्वय बैठक आयोजित की।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक बिहारीगढ़ सतेन्द्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक गागलहेडी वीरेन्द्र सिंह राणा, थानाध्यक्ष फतेहपुर भूपेन्द्र सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गागलहेडी अतुल कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक फतेहपुर भूपेन्द्र शर्मा,
वरिष्ठ उपनिरीक्षक भगवानपुर रमेश कुमार सैनी सहित अन्य अधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक में कांवड़ मेले की रणनीति साझा करने के साथ ही सुंदरपुर, फतेहपुर, गागलहेडी, बढ़कला, काली नदी,
मंडावर, खानपुर चौक से इमली रोड तक कांवड़ मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, बॉर्डर समन्वय और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने मेले के दौरान निर्बाध एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



