“पेपर लीक, बेरोजगारी और छात्र उत्पीड़न पर फूटा कांग्रेस का गुस्सा, सरकार पर बोला बड़ा हमला..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: छात्रों की मांगों और उनके अधिकारों के समर्थन में शनिवार शाम ज्वालापुर के ऐतिहासिक जटवाड़ा पुल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने कैंडल मार्च निकाला। उत्तराखंड कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मुहम्मद सुलेमान अंसारी के निर्देश पर गुलबहार अहमद खां के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मोमबत्तियां और तख्तियां लेकर सरकार की युवा एवं छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश और देश में छात्र लगातार पेपर लीक, भर्ती एवं परीक्षा संबंधी अनियमितताओं, बढ़ती बेरोजगारी और शैक्षणिक संस्थानों में उत्पीड़न जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उनका कहना था कि छात्रों की आवाज सुनने के बजाय सरकार उसे दबाने का प्रयास कर रही है। उत्तराखंड कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मुहम्मद सुलेमान अंसारी ने कहा कि आज का युवा और छात्र खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि कभी पेपर लीक, कभी परीक्षाओं में धांधली और बेरोजगारी ने युवाओं का भविष्य अंधकारमय बना दिया है। कांग्रेस छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।
ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने कहा कि यदि छात्रों की जायज मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज करेगी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग की।पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी ने भाजपा सरकार पर छात्रों और युवाओं के दमन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्र-छात्राओं के साथ हुई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और कांग्रेस इसका विरोध करती रहेगी। मार्च के समापन पर छात्र हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस भी तैनात रही।
कैंडल मार्च में ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर, पूर्व राज्यमंत्री फुरकान अली, पार्षद प्रतिनिधि हाजी शाहबुद्दीन अंसारी, प्रदेश अध्यक्ष मुहम्मद सुलेमान अंसारी, अकरम अंसारी, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी, यूथ कांग्रेस महासचिव अथर अंसारी, जिला उपाध्यक्ष शादाब कुरैशी, जिला महासचिव मुनव्वर त्यागी, नासिर गॉड, आवेश कुरैशी, आरिफ अब्बासी, तनवीर कुरैशी, सलीम कुरैशी, समीर अंसारी, अजमत अल्वी, शोएब अर्शी, दानिश कुरैशी, साजिद कुरैशी, जहांगीर खान, गुलजार खान, गजाली पीरजी, सलीम ख्वाजा, आसिफ अली, शबनूर सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।


