“चलती ट्रेन में डंडा मारकर उड़ाते थे मोबाइल, कांवड़िए के भेष में टैबलेट चोरी करने वाला भी दबोचा; जीआरपी की डबल स्ट्राइक में तीन शातिर गिरफ्तार..
जीआरपी कप्तान अरुणा भारती के नेतृत्व में दो अलग-अलग मामलों का खुलासा, लूटा गया मोबाइल, टैबलेट और स्मार्ट पेन बरामद; तीनों आरोपी भेजे गए जेल..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; कांवड़ मेले की भीड़ और चलती ट्रेनों में यात्रियों की लापरवाही का फायदा उठाकर वारदातों को अंजाम देने वाले तीन शातिर आखिरकार जीआरपी हरिद्वार के हत्थे चढ़ गए।
एक ओर चलती ट्रेन के दरवाजे पर बैठे यात्रियों के हाथ पर डंडा मारकर मोबाइल लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार किए गए, वहीं दूसरी ओर साधु का भेष धारण कर कांवड़ियों की भीड़ में बैग उड़ाने वाला उठाईगिरा भी पुलिस की गिरफ्त में आ गया। दोनों मामलों में लूटा गया सामान बरामद कर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
जीआरपी कप्तान अरुणा भारती के कुशल नेतृत्व व क्षेत्राधिकारी जीआरपी अनुज कुमार के मार्गदर्शन में हरिद्वार जीआरपी को यह दोहरी सफलता मिली है। दोनों अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा करते हुए पुलिस ने न सिर्फ वारदातों का पर्दाफाश किया, बल्कि चोरी और लूट का पूरा सामान भी बरामद कर लिया। सफल कार्रवाई पर कप्तान अरुणा भारती ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही।
हरिद्वार जीआरपी इंस्पेक्टर बिपिन पाठक के नेतृत्व में पहली कार्रवाई उस मामले में हुई, जिसमें एक अगस्त को ऋषिकेश निवासी बृजेश कुमार ट्रेन के दरवाजे पर बैठकर मोबाइल चला रहे थे। मोतीचूर स्टेशन के पास झाड़ियों में छिपे दो बदमाशों ने उनके हाथ पर डंडा मारकर मोबाइल नीचे गिरा दिया और उसे उठाकर फरार हो गए।
सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मोतीचूर रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में छिपे रवि श्रीवास्तव उर्फ काका और शिवलाल को दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से करीब 30 हजार रुपये कीमत का मोटोरोला Edge 50 Pro मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शिवलाल पहले भी लूट और अवैध चाकू रखने के मामलों में जेल जा चुका है।
दूसरे प्रकरण में चार अगस्त को कनखल निवासी अविनाश चौहान हरिद्वार रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-6 के पास अपनी मोटरसाइकिल पर बैग रखकर नाश्ता करने गए थे। इसी दौरान कांवड़िए के भेष में भगवा वस्त्र पहने एक व्यक्ति उनका बैग उठाकर भाग निकला। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और शिकायतकर्ता ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी जगमोहन के रूप में हुई। उसके कब्जे से करीब 32 हजार रुपये कीमत का Redmi टैबलेट, Redmi स्मार्ट पेन और राशन कार्ड बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी कांवड़ मेले की भीड़ का फायदा उठाकर साधु का भेष धारण कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
जीआरपी ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेज दिया गया। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन के दरवाजे या खिड़की के पास बैठकर मोबाइल का उपयोग न करें और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने सामान की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रीति कर्णवाल, उपनिरीक्षक नीरज जोशी, उपनिरीक्षक गौरव नेगी (आरपीएफ पोस्ट हरिद्वार), अपर उपनिरीक्षक कैलाश नाथ, हेड कांस्टेबल दिनेश पंवार, हेड कांस्टेबल पृथ्वी नेगी, कांस्टेबल नैथानियल भट्टी, कांस्टेबल जोगिंदर, अपर उपनिरीक्षक अतुल चौहान, हेड कांस्टेबल कैलाश रावत, हेड कांस्टेबल रविंद्र गिरी, कांस्टेबल संदीप राणा, कांस्टेबल अभिषेक व कांस्टेबल मुकेश शामिल रहे।



