
पंच👊नामा-ब्यूरो
रुद्रपुर; उधम सिंह नगर पुलिस ने ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महज ₹5 हजार की चोरी के शक ने दोस्ती को खौफनाक दुश्मनी में बदल दिया।
आरोपी ने पहले अपने करीबी दोस्त को निर्माणाधीन मकान में ले जाकर शराब पिलाई, फिर ईंट और लकड़ी से हमला किया और आखिर में रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने प्रेस कांफ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीती 31 जुलाई को ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्र के शिवनगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पास एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रांजिट कैम्प पुलिस को तत्काल घटना के अनावरण के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच, स्थानीय लोगों से पूछताछ तथा तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान अनिल कुमार (23 वर्ष) पुत्र सुभाष चंद्र, निवासी ठाकुर नगर, ट्रांजिट कैम्प के रूप में की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा और तेज किया। विवेचना के दौरान सामने आया कि घटना वाले दिन अनिल अपने तीन दोस्तों के साथ आजादनगर में शराब पी रहा था। बाद में उसके दो साथी अपने-अपने घर चले गए, जबकि उसका करीबी मित्र सुनील कुमार उर्फ इक्का उसे बहाने से शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने पहले अनिल को शराब पिलाई, फिर लकड़ी की फन्टी और ईंट से उस पर हमला किया। जब वह गंभीर रूप से घायल हो गया तो मौके पर पड़ी रस्सी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि अनिल ने उसके ₹5,000 चोरी कर लिए थे। इसी रंजिश के चलते उसने पहले से योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने रक्तरंजित नमूने समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। वहीं आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट का टुकड़ा भी बरामद कर लिया गया है। बरामद सभी साक्ष्यों को वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है,
जबकि मामले की विवेचना अभी जारी है। गिरफ्तार आरोपी: सुनील कुमार उर्फ इक्का (24 वर्ष), पुत्र भारत सिंह, निवासी शिवनगर वार्ड-2, ओम पब्लिक स्कूल के पास, ट्रांजिट कैम्प, मूल निवासी ग्राम सिडौरा, तहसील बिलारी, जनपद मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
अनावरण करने वाली पुलिस टीम…
1:- प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी
2:- उप निरीक्षक महेश काण्डपाल
3:- अपर उप निरीक्षक चंद्र प्रकाश बवाड़ी
4:- हेड कांस्टेबल अनिल कुमार
5:- कांस्टेबल हिमांशु कुमार
6:- पीआरडी वीरु त्रिपाठी



