“भ्रष्टाचार के खिलाफ सुराज सेवा दल का बिगुल, सचिवालय के बाहर भूख हड़ताल का ऐलान; विजिलेंस जांचों में देरी पर सरकार को घेरने की तैयारी, (देखें वीडियो)..

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के मामलों की जांच में कथित देरी और आरोपियों को संरक्षण दिए जाने के आरोपों को लेकर सुराज सेवा दल ने सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। संगठन ने 6 अगस्त को उत्तराखंड सचिवालय के समक्ष भूख हड़ताल करने की घोषणा की है। इस आंदोलन के जरिए विजिलेंस जांचों में हो रही देरी, भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई न होने और गृह विभाग की कथित मौन सहमति के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।
सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों की जांच लंबे समय से लंबित पड़ी है, जिससे भ्रष्टाचार के आरोपियों को अप्रत्यक्ष रूप से संरक्षण मिलने का संदेश जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार विभागों की निष्क्रियता और सरकार की चुप्पी के कारण जनता का भरोसा व्यवस्था से उठता जा रहा है। इसी के विरोध में संगठन ने लोकतांत्रिक तरीके से भूख हड़ताल करने का निर्णय लिया है।
रमेश जोशी ने बताया कि 6 अगस्त को अपराह्न 1:00 बजे उत्तराखंड सचिवालय, देहरादून के समक्ष कार्यकर्ता भूख हड़ताल पर बैठेंगे। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
सुराज सेवा दल का कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध जवाबदेही तय कराने और लंबित विजिलेंस जांचों को शीघ्र पूरा कराने की मांग को लेकर किया जा रहा है। संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक भ्रष्टाचार के मामलों में निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित नहीं होती, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन जारी रहेगा।



