हरिद्वार

“मतदाता सूची में ‘खेल’ की आशंका! एक शिकायतकर्ता ने दर्ज करा दीं पांच से ज्यादा आपत्तियां..

कांग्रेस विधायकों ने एडीएम के सामने खोला मोर्चा, बोले- पात्र मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश हुई तो बर्दाश्त नहीं..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; मतदाता सूची के पुनरीक्षण के बीच फॉर्म-7 से दर्ज कराई जा रही आपत्तियों ने राजनीतिक पारा चढ़ा दिया है। कांग्रेस के सभी विधायकों ने बुधवार को अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार से मुलाकात कर आपत्तियों की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। विधायकों का आरोप है कि एक ही शिकायतकर्ता की ओर से पांच से अधिक आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। इससे उन्हें आशंका है कि कहीं मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया को सुनियोजित तरीके से तो नहीं इस्तेमाल किया जा रहा।मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि फॉर्म-7 किसी मतदाता का नाम हटाने की सामान्य औपचारिकता नहीं है। इसके पीछे ठोस आधार और निर्धारित प्रक्रिया होना जरूरी है। आरोप लगाया कि एक ही व्यक्ति की ओर से बड़ी संख्या में आपत्तियां दर्ज कराना पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने संबंधित शिकायतकर्ता के सभी फॉर्म-7 की जांच कराने की मांग की।ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है। पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाने या बिना पर्याप्त आधार के उसके खिलाफ आपत्ति लगाने की कोई भी कोशिश गंभीर मामला है। उन्होंने प्रशासन से प्रत्येक आपत्ति की गहन जांच कराने की मांग की।कांग्रेस विधायकों ने साफ कहा कि सिर्फ फॉर्म दाखिल हो जाने से किसी मतदाता का नाम हटाने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़नी चाहिए। आपत्ति के आधार, शिकायतकर्ता की पात्रता और संबंधित मतदाता की वास्तविक स्थिति की जांच जरूरी है। नेताओं ने कहा कि यदि किसी ने जानबूझकर गलत जानकारी देकर प्रक्रिया का दुरुपयोग किया है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी और संवैधानिक कार्रवाई होनी चाहिए।एडीएम जितेंद्र कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि सभी आपत्तियों की जांच पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांचकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। जांच में शिकायतकर्ता नियमों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती, भगवानपुर विधायक ममता राकेश, कलियर विधायक फुरकान अहमद, ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर और लक्सर से बसपा विधायक मोहम्मद शहजाद शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!