हरिद्वार

“साबिर पाक के उर्स पर सुरक्षा का ‘फुलप्रूफ प्लान’, 26 चौकियों से पहरा..

4 जोन-13 सेक्टर में बंटा मेला, एसपी देहात ने जवानों को दिए सतर्कता और शालीनता से ड्यूटी के निर्देश..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
पिरान कलियर; दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स/मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया है। बुधवार को हज हाउस में आयोजित पुलिस ब्रीफिंग में अधिकारियों ने मेले के दौरान कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और जायरीनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। पूरे मेले को 4 जोन और 13 सेक्टरों में बांटकर पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए 26 अस्थाई पुलिस चौकियां स्थापित रहेंगी।ब्रीफिंग के दौरान एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उर्स में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं, ऐसे में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। पुलिसकर्मी उठाईगीरों, जेबकतरों, झपटमारों, चोरों और संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखें। अराजकतत्वों व महिला जायरीनों से छेड़खानी करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाए। एसपी देहात ने पुलिसकर्मियों से कहा कि ड्यूटी के दौरान जायरीनों के साथ शालीन और सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए, जरूरत पड़ने पर उनकी हरसंभव मदद की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कहीं भी अनावश्यक रूप से भीड़ एकत्र न होने दी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न किया जाए। उन्होंने कहा कि उर्स मेले की सुरक्षा और व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेठ ने कहा कि उर्स मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए कांवड़ मेले को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का अनुभव पुलिस और प्रशासन के साथ है, जिसका लाभ साबिर पाक के उर्स मेले की व्यवस्थाओं में भी मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने और जायरीनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले जायरीनों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यातायात, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाए। किसी भी परिस्थिति में अफवाह या अव्यवस्था को बढ़ने न दिया जाए और स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए। ब्रीफिंग में भगवानपुर सीओ सुमित पांडेय, रुड़की सीओ ओशिन जोशी, मंगलौर सीओ अभिनय चौधरी, दरगाह प्रबंधक/तहसीलदार विकास अवस्थी, रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, इंस्पेक्टर कमल मोहन भण्डारी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर रविन्द्र नाथ, एसआईयू प्रभारी समेत पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी में तैनात जवानों को निर्देश दिए कि उर्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी गंभीरता बरती जाए और हर स्तर पर सतर्कता बनाए रखी जाए, ताकि साबिर पाक के उर्स में आने वाले जायरीन शांतिपूर्ण माहौल में अपनी जियारत कर सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!