
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; नशे के धंधे पर शिकंजा कसते हुए शहर कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक को 12.06 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दबोच लिया। पूछताछ में नशा सामग्री उपलब्ध कराने वाली एक महिला का नाम भी सामने आया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शहर कोतवाली पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम देर रात पुलिस टीम दुधियावन तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गीता कुटीर आश्रम की तरफ से पैदल आ रहे एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 12.06 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोतवाली नगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी को नशे की सामग्री उपलब्ध कराने के मामले में एक महिला का नाम प्रकाश में आया है। पुलिस अब महिला का पता लगाने के साथ ही नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज कुमार पुत्र राजेश दास, निवासी कबाड़ी बस्ती लालजीवाला, कोतवाली नगर हरिद्वार, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का पहले भी नशा तस्करी से संबंधित आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट का एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट, उपनिरीक्षक नवीन चौहान, उपनिरीक्षक ऋषिकान्त पटवाल, कांस्टेबल संदीप नेगी और कांस्टेबल पवन शामिल रहे।



