“परचम लहराया, साबिर पाक के उर्स का बजा बिगुल! बरेली से 38वां साबरी झंडा लेकर कलियर पहुंचे अकीदतमंद..
डेढ़ सौ जायरीनों के जत्थे का फूल-मालाओं से इस्तकबाल, दरगाह के मुख्य द्वार पर झंडा पेश कर मांगी अमन-खुशहाली की दुआ..

पंच👊नामा
पिरान कलियर; अकीदत, रूहानियत और मोहब्बत के रंग में सराबोर पिरान कलियर में हजरत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक रह. के सालाना उर्स/मेले का गुरुवार को परचम कुशाई के साथ विधिवत आगाज हो गया। बरेली शरीफ से करीब डेढ़ सौ अकीदतमंदों का जत्था सूफी वसीम साबरी की सरपरस्ती में 38वां साबरी झंडा लेकर पिरान कलियर पहुंचा।
कलियर पहुंचने पर जत्थे का फूल-मालाओं से जोरदार इस्तकबाल किया गया। देर शाम नमाज-ए-असर के बाद साबरी झंडे को दरगाह साबिर पाक के मुख्य द्वार पर पेश किया गया। परचम कुशाई के दौरान मुल्क में अमन, सलामती, खुशहाली और भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई। झंडा चढ़ते ही साबिर पाक के सालाना उर्स/मेले का बिगुल बज गया और कलियर की फिजा में रूहानी रंग घुल गया।
गुरुवार को बरेली शरीफ से साबरी झंडा लेकर पहुंचे जत्थे में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल रहे। कलियर पहुंचने पर साहिबजादा शाह यावर एजाज कुद्दुसी साबरी, यासिर एजाज साबरी, शाह गाजी मियां, शाह सुहैल मियां,
मुनव्वर अली साबरी, शफीक साबरी, हाजी गुलशाद सिद्दीकी, सूफी राशिद अली, नोमी मियां, सलीम साबरी उदयपुर, गुफरान साबरी, राहुल अरोड़ा, गुरप्रीत सिंह आदि ने फूल-मालाओं से जत्थे का स्वागत किया।
इस मौके पर खादिम मुनव्वर अली साबरी ने कहा कि साबिर पाक का उर्स पूरी दुनिया में मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम देता है। परचम कुशाई के साथ उर्स का आगाज हो चुका है और देश-विदेश से आने वाले जायरीनों के लिए दरगाह परिसर में तमाम व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि साबिर पाक के दरबार में हर मजहब और हर वर्ग के लोग अकीदत लेकर पहुंचते हैं। यहां से हमेशा अमन और इंसानियत का संदेश जाता है।
साहिबजादा शाह यावर एजाज कुद्दुसी साबरी ने कहा कि 38वां साबरी झंडा बरेली शरीफ से कलियर पहुंचना अकीदत और रूहानी रिश्ते की खूबसूरत मिसाल है। परचम कुशाई के मौके पर देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और खुशहाली की दुआ की गई। उन्होंने कहा कि साबिर पाक का दरबार सभी के लिए खुला है और यहां आने वाला हर अकीदतमंद मोहब्बत और सुकून का पैगाम लेकर लौटता है।
झंडा लेकर पहुंचे अकीदतमंदों में कमाल साबरी, सलीम साबरी, सईद साबरी, रिजवान साबरी, इमरान साबरी, हसन साबरी, शाहिद साबरी, शाहिद रजा नूरी, काजी रिजवान, मेहराज साबरी, खलीक साबरी, फाजिल साबरी, गुड्डू साबरी आदि शामिल रहे।
उधर, उर्स/मेले के आगाज को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के चाकचौबंद इंतजाम किए गए। मेला प्रभारी कमल मोहन भण्डारी और कलियर एसएसआई राजेश शाह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। मुख्य मार्गों, दरगाह परिसर और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी से मोर्चा संभाले रखा, ताकि उर्स के दौरान जायरीनों को किसी तरह की परेशानी न हो।



