
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए दून पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई कर हिस्ट्रीशीटर समेत तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 511 ग्राम चरस और 18.45 ग्राम स्मैक बरामद की है। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत साढ़े पांच लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। खास बात यह है कि तीनों आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर दून पुलिस द्वारा नशे के धंधे में लिप्त तस्करों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में नेहरू कॉलोनी, विकासनगर और सेलाकुई थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को दबोचा।
सहारनपुर से चरस लेकर पहुंचा था देहरादून……
थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने 29 अगस्त की रात चेकिंग के दौरान बाईपास फ्लाईओवर अंडरपास के पास एक संदिग्ध को रोककर तलाशी ली। उसके कब्जे से 511 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान रिहान पुत्र नजम आलम, निवासी देवबंद, सहारनपुर, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चरस देवबंद, सहारनपुर से लेकर देहरादून आया था और इसे स्थानीय नशेड़ियों को बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी के पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में दिल्ली से जेल जाने की जानकारी सामने आई है।
रुड़की से स्मैक खरीदकर बेचने निकली महिला गिरफ्तार…..
वहीं, कोतवाली विकासनगर पुलिस ने कुंजा ग्रांट क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुन्नी पुत्री स्व. मुख्तियार, निवासी कुंजा ग्रांट, उम्र 21 वर्ष को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 9.70 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि वह स्मैक रुड़की से खरीदकर लाई थी और इसे स्थानीय नशेड़ियों को बेचकर मुनाफा कमाने की तैयारी में थी। पुलिस के मुताबिक महिला पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुकी है।
हिस्ट्रीशीटर भी स्मैक के साथ दबोचा, दर्ज हैं 12 मुकदमे…..
उधर, थाना सेलाकुई पुलिस ने पुरानी चौकी लेबर चौक के पास कार्रवाई करते हुए अब्बार पुत्र अब्दुल अहमद, निवासी जमनपुर सेलाकुई को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 8.75 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये है। पुलिस के अनुसार अब्बार एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उसके खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी समेत अन्य आपराधिक मामलों के 12 मुकदमे दर्ज हैं। वह पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ सहसपुर, विकासनगर, पटेलनगर और सेलाकुई थानों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी, गुण्डा एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
तीनों मामलों में संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दून पुलिस की लगातार हो रही कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय तस्करों में हड़कंप की स्थिति है।



