
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; अपराधियों के मंसूबों पर लगातार पानी फेर रही हरिद्वार पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के
तहत कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने करीब 35 लाख रुपये कीमत का चोरी हुआ 12 टायरा ट्रक बरामद करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की मुस्तैदी के आगे आरोपियों की चालाकी काम नहीं आई और जंगल की झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा गया ट्रक बरामद कर लिया गया।
एसपी क्राइम निशा यादव ने बताया कि बीती 24 अगस्त को कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र स्थित माईनिंग चेक पोस्ट से एक 12 टायरा ट्रक चोरी हो गया था। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और ट्रक की बरामदगी के निर्देश दिए गए थे।
थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में श्यामपुर पुलिस ने पड़ताल करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने ट्रक चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ट्रक को गैण्डीखाता क्षेत्र में जंगल गुर्जर बस्ती की ओर छिपाकर रखा हुआ है।
इसके बाद उपनिरीक्षक गगन मैठाणी के नेतृत्व में पुलिस टीम दोनों आरोपियों को साथ लेकर मौके पर पहुंची और उनकी निशानदेही पर गुर्जर बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते के समीप जंगली झाड़ियों के बीच छिपाया गया लाल रंग का ओपन बॉडी 12 टायरा ट्रक बरामद कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ट्रक की पहचान छिपाने के लिए उस पर लगी नंबर प्लेट भी हटा दी थी। हालांकि, पुलिस ने ट्रक के चेसिस और इंजन नंबर का सत्यापन किया, जो चोरी किए गए ट्रक से मेल खाए। बरामदगी की पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से की गई।
पुलिस के अनुसार, चोरी हुए वाहन की बरामदगी के बाद मुकदमे में आवश्यक कानूनी धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हरिद्वार पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि अपराधियों को पकड़ने के साथ-साथ अपराध से संबंधित संपत्ति की त्वरित बरामदगी कर पीड़ित को न्याय दिलाना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
गिरफ्तार आरोपी….
1:–शहजाद परवेज पुत्र अमीनुद्दीन, निवासी मोहल्ला मुगलुशाह, थाना नजीबाबाद, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश, उम्र 38 वर्ष।
2:- हबीब खाँ पुत्र प्यारे खाँ, निवासी मोहल्ला किला, थाना नजीबाबाद, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश, उम्र 55 वर्ष।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में— थाना प्रभारी नितेश शर्मा, उपनिरीक्षक मनोज रावत, उपनिरीक्षक गगन मैठाणी (चौकी प्रभारी लालढांग), उपनिरीक्षक देवेन्द्र तोमर (चौकी प्रभारी चंडी घाट), अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड़, हेड कांस्टेबल शेर सिंह, कांस्टेबल राहुल देव, कांस्टेबल संदीप रावत, कांस्टेबल मनमोहन सैनी, कांस्टेबल विनीत कुमार तथा एसओजी हरिद्वार के कांस्टेबल वसीम शामिल रहे।



