
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। पत्नी की हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मेनपाल सिंह उर्फ बबलू पर अब पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे आरोपी की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया पुलिस ने शुरू कर दी है।
न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद मंगलवार को पुलिस टीम ने सुभाषनगर स्थित आरोपी के घर पहुंचकर कुर्की का नोटिस चस्पा किया। साथ ही क्षेत्र में मुनादी कराकर आरोपी को जल्द आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आरोपी पर गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपी ने जल्द आत्मसमर्पण नहीं किया तो न्यायालय के आदेश के तहत उसकी संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, ज्वालापुर के सुभाषनगर में पिछले वर्ष महिला की हत्या के मामले में उसके पति मेनपाल सिंह उर्फ बबलू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है।
न्यायालय से कुर्की की अनुमति मिलने के बाद मंगलवार को एसएसआई हर्ष अरोड़ा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मनीष भंडारी समेत पुलिसकर्मी सुभाषनगर पहुंचे। टीम ने आरोपी के घर पर कुर्की संबंधी नोटिस चस्पा किया। इसके बाद पुलिस ने मुनादी कराकर आसपास के लोगों को भी न्यायालय की कार्रवाई की जानकारी दी।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। न्यायालय के आदेश पर उसकी संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपी को जल्द आत्मसमर्पण करना होगा, अन्यथा नियमानुसार संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।



