
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: दुर्गागढ़ जंगल में तेज रफ्तार और हुड़दंग मचा रहे बाइकर्स को पथरी पुलिस ने सबक सिखाया। पुलिस के पहुंचते ही कई युवक अपनी मोटरसाइकिलें मौके पर छोड़कर फरार हो गए, जबकि दो बाइकर्स को पकड़कर उनकी मोटरसाइकिलें सीज कर दी गईं।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिलेभर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और हुड़दंग मचाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पथरी पुलिस को सूचना मिली कि दुर्गागढ़ जंगल क्षेत्र में कुछ युवक बाइक से सड़क पर हुड़दंग मचा रहे हैं।
थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बाइकर्स को रोकने का प्रयास किया। पुलिस की कार्रवाई देखकर कुछ युवक मौके से भाग निकले और अपनी मोटरसाइकिलें वहीं छोड़ गए। पुलिस ने दो बाइकर्स को पकड़कर उनकी मोटरसाइकिलें सीज कर दीं, जबकि मौके से मिली छह मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर थाना पथरी में लावारिस के रूप में दाखिल किया गया।
लावारिस हालत में बरामद छह मोटरसाइकिलों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और उनके स्वामियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक बबलू चौहान, हेड कांस्टेबल नारायण राणा, कांस्टेबल मनोज वर्मा और कांस्टेबल नारायण सिंह शामिल रहे।



