“रुड़की की बेटी महिमा शर्मा का KPL में चयन, दिल्ली पहुंचीं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी..
19 सितंबर से त्यागराज स्टेडियम में होगा कॉर्फबॉल प्रीमियर लीग का आगाज, Jio Hotstar पर लाइव होंगे मुकाबले..

पंच👊नामा
रुड़की; रुड़की की बेटी और अंतरराष्ट्रीय कॉर्फबॉल खिलाड़ी महिमा शर्मा ने एक बार फिर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। देश-विदेश में अपने शानदार खेल का लोहा मनवा चुकीं महिमा शर्मा अब प्रतिष्ठित कॉर्फबॉल प्रीमियर लीग (KPL) में अपना दमखम दिखाने के लिए दिल्ली पहुंच गई हैं। लीग में चयन के बाद महिमा के दिल्ली पहुंचने पर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।
19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होगा रोमांच….
कॉर्फबॉल प्रीमियर लीग का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक नई दिल्ली स्थित त्यागराज स्टेडियम में किया जाएगा। देश के विभिन्न हिस्सों से चयनित शीर्ष खिलाड़ी इस प्रतिष्ठित लीग में हिस्सा लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। भारत में पहली बार कॉर्फबॉल प्रीमियर लीग का आयोजन इतने बड़े स्तर पर किया जा रहा है।
महिमा के प्रदर्शन पर टिकी नजरें…..
महिमा शर्मा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। अपने शानदार प्रदर्शन के चलते उन्होंने कॉर्फबॉल के क्षेत्र में अलग पहचान बनाई है। KPL में उनका चयन रुड़की और उत्तराखंड के खेल जगत के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है। अब लीग के दौरान महिमा के प्रदर्शन पर उत्तराखंड के खेल प्रेमियों की निगाहें टिकी रहेंगी।
पहली बार Jio Hotstar पर लाइव होगा KPL….
इस बार कॉर्फबॉल प्रीमियर लीग की खास बात यह भी है कि टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण Jio Hotstar पर किया जाएगा। इससे कॉर्फबॉल को पहली बार देशभर में बड़े डिजिटल मंच पर दर्शकों तक पहुंचने का मौका मिलेगा। लीग के लाइव प्रसारण से इस खेल को नई पहचान मिलने और युवा खिलाड़ियों में इसके प्रति रुचि बढ़ने की उम्मीद है।
उत्तराखंड में खुशी का माहौल….
महिमा शर्मा के KPL में चयन और दिल्ली पहुंचने पर उत्तराखंड कॉर्फबॉल संघ, रुड़की के खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उम्मीद जताई कि महिमा लीग में शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी। रुड़की से दिल्ली तक महिमा की यह खेल यात्रा अब एक बड़े मंच की ओर बढ़ चुकी है, जहां उनके खेल का रोमांच देशभर के दर्शक लाइव देख सकेंगे।