अपराधउत्तराखंड

“लाखों की चोरी का पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार; सोने के जेवर से लेकर चोरी की बाइक तक सब बरामद..

एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर टिहरी पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, 1100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची टीम..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
टिहरी गढ़वाल; नरेंद्रनगर में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने के आभूषण उड़ाने वाले शातिर चोरों तक पहुंचने में टिहरी पुलिस को कड़ी मशक्कत के बाद सफलता मिली है। पुलिस ने 1100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण और अलग-अलग राज्यों में लगातार दबिश देने के बाद गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सभी सोने के आभूषण और हिमाचल प्रदेश से चोरी की गई बाइक बरामद कर ली गई है। वारदात में शामिल तीसरा आरोपी पुलिस को चकमा देकर जम्मू भाग गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन में अपराधों के अनावरण और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत इस मामले को गंभीरता से लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशन व क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। टीमों ने टिहरी से लेकर ऋषिकेश, रानीपोखरी, देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, सहारनपुर, अंबाला, यमुनानगर, सोलन, हल्द्वानी समेत कई स्थानों पर CCTV फुटेज और संदिग्धों की गतिविधियों को खंगाला। इसी कड़ी में पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने वाला अहम सुराग हाथ लगा।प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा के नेतृत्व में कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस और CIU की टीम ने संदिग्धों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। जांच के दौरान सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल बाइक हिमाचल प्रदेश के सोलन से चोरी की गई थी। आरोपियों ने पुलिस की भनक लगने पर इस बाइक को ऋषिकेश के नटराज चौक के पास छोड़ दिया था। पुलिस ने बाइक और CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान शहनवाज, जाहिद उर्फ अतीक और मौ. रफीक के रूप में की।पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नटराज चौक के पास छोड़ी गई बाइक लेने पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने देहरादून-ऋषिकेश मार्ग पर फ्लाईओवर के पास वन विभाग चौकी के नजदीक घेराबंदी कर दी। शाम करीब 7:50 बजे शहनवाज और जाहिद उर्फ अतीक वहां पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से नरेंद्रनगर के बंद मकान से चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद हो गए। पुलिस के अनुसार चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है।दरअसल मामले की शुरुआत 4 सितंबर को हुई थी। दीवान लॉज, वार्ड नंबर-2 नरेंद्रनगर निवासी सौरभ धमान्दा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर घर में रखे सोने के आभूषण चोरी कर लिए। तहरीर के आधार पर कोतवाली नरेंद्रनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 1 सितंबर को सोलन, हिमाचल प्रदेश के धर्मपुर से बाइक चोरी की थी। इसी बाइक से चंडीगढ़, हरिद्वार और ऋषिकेश होते हुए नरेंद्रनगर पहुंचे। ऋषिकेश में रेकी करने के बाद 4 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे रानीपोखरी के जंगल वाले रास्ते से नरेंद्रनगर पहुंचे। उस समय हो रही तेज बारिश और घने कोहरे का फायदा उठाकर बंद मकान का ताला तोड़ा और सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए।वारदात के बाद आरोपी चोरी के आभूषण बेचने के लिए हरिद्वार, सहारनपुर, अंबाला, चंडीगढ़, जयपुर, मुंबई, दिल्ली, हल्द्वानी और नैनीताल समेत कई स्थानों पर घूमते रहे। हालांकि पुलिस के मुताबिक, उन्हें चोरी के माल की अपेक्षित कीमत नहीं मिली, जिसके चलते आभूषण बिक नहीं सके। इसी दौरान पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी रही और आखिरकार बाइक लेने पहुंचे दो आरोपी पकड़ लिए गए।पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल तीसरा आरोपी मौ. रफीक पुलिस गिरफ्त से बाहर है और उसके जम्मू की ओर भागने की जानकारी मिली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टिहरी पुलिस की विशेष टीम जम्मू रवाना की गई है। पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, देहरादून और टिहरी गढ़वाल में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक पीली धातु का गले का हार, कान के सूई-धागा की एक जोड़ी, मांग टीका, महिला अंगूठी, नाक की नथ, तीन मंगलसूत्र, कान के झुमके और कान के कुंडल बरामद किए हैं। इसके अलावा सोलन से चोरी की गई मोटरसाइकिल, वारदात के समय आरोपी द्वारा पहनी गई लाल रंग की टोपी और काली रंग की Puma अंकित टी-शर्ट भी बरामद की गई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओ की बढ़ोतरी की गई है।गिरफ्तार आरोपी
1:- शहनवाज पुत्र मौ. रफी, उम्र 26 वर्ष, निवासी चालोग, थाना बनी, जिला कठुआ, जम्मू।
2:- जाहिद उर्फ अतीक पुत्र मौसम, उम्र 21 वर्ष, निवासी ढोडला जदरेली, पोस्ट मुंडशीतलनगर।
फरार आरोपी….
मौ. रफीक पुत्र मौ. इकबाल, उम्र करीब 28 वर्ष, निवासी ढोडला बन्सौली, जिला कठुआ, जम्मू।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अन्य वारदातों में भी उनकी संभावित संलिप्तता के संबंध में पूछताछ कर रही है।थाना नरेंद्रनगर पुलिस टीम:
प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येन्द्र सिंह भण्डारी, उपनिरीक्षक/विवेचक/चौकी प्रभारी प्लास्डा सत्येन्द्र सिंह नेगी, उपनिरीक्षक/चौकी प्रभारी आगराखाल आमिर खान, अपर उपनिरीक्षक शान्ति प्रसाद डिमरी, हेड कांस्टेबल शेखर सिंह, हेड कांस्टेबल संजय रावत, हेड कांस्टेबल सन्तोष कुमार, हेड कांस्टेबल अवतार राणा, कांस्टेबल कर्ण सिंह, कांस्टेबल आशीष गुडियाल एवं कांस्टेबल चालक अरुण रावत। CIU टीम से उपनिरीक्षक/प्रभारी CIU ओमकान्त, अपर उपनिरीक्षक सुन्दर लाल, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल आशीष नेगी, कांस्टेबल नीरज शुक्ला व कांस्टेबल पदम शामिल रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!