
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; वाहन चोरी कर खंडहर में छिपाने वाले गिरोह पर पथरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई नौ स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद चार बाइकों के संबंध में पथरी और कनखल थानों में पहले से मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की कई घटनाओं का खुलासा होने की उम्मीद है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्रवाई का खुलासा करते हुए बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और चोरी हुए वाहनों की बरामदगी के लिए पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी लक्सर के पर्यवेक्षण में पथरी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ सुरागरसी-पतारसी और मैनुअल पुलिसिंग को आधार बनाकर वाहन चोरों की तलाश शुरू की।
थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने लगातार संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए जांच को आगे बढ़ाया। इसी दौरान पुलिस टीम ने रविदास आश्रम, लक्सर रोड के पास दो संदिग्ध युवकों को चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ हिरासत में लिया। पूछताछ में वाहन चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर शंखनाद कॉलोनी, लक्सर रोड के पास स्थित एक खंडहर में छिपाकर रखी गई आठ अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोबिन पुत्र वरुण सिंह, निवासी हर्शीवाला, थाना लक्सर, उम्र 23 वर्ष और आदित्य चौहान पुत्र प्रमोद कुमार, निवासी हर्शीवाला, थाना लक्सर, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि बरामद नौ मोटरसाइकिलों में से तीन के संबंध में थाना पथरी में पूर्व से अभियोग पंजीकृत हैं, जबकि एक मोटरसाइकिल की चोरी के मामले में थाना कनखल में मुकदमा दर्ज है। शेष बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस संबंधित थानों से संपर्क कर सत्यापन कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा चोरी की गई बाइकों को सुनसान स्थान पर स्थित खंडहर में छिपाकर रखा गया था। तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए पुलिस इस ठिकाने तक पहुंची और एक साथ नौ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। पुलिस का कहना है कि बरामदगी के आधार पर वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल नौ स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों के चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर उनका सत्यापन किया जा रहा है। आरोपियों के विरुद्ध थाना पथरी में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम…
उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार, थानाध्यक्ष पथरी, उपनिरीक्षक मोहन कठैत, चौकी प्रभारी फेरुपुर, अपर उपनिरीक्षक मुकेश राणा, कांस्टेबल दीपक चौधरी, हेमन्त, जयपाल चौहान, अनिल पंवार, सोहन राणा, सुरेश, रविन्द्र बिष्ट, कांस्टेबल नरेश बहुगुणा और बालक राम शामिल रहे।



