“मतगणना परिसर में सियासी टकराव! विधायक-पूर्व विधायक के समर्थकों में धक्का-मुक्की..
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा विवाद, दोनों पक्षों को मौके से हटाया; शांति भंग करने वालों पर कानूनी शिकंजा..

पंच👊नामा-ब्यूरो
किच्छा; नगर पालिका निर्वाचन किच्छा व सिरौलीकलां की मतगणना के दौरान बुधवार को नयी मंडी स्थित मतगणना परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब वर्तमान विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई। माहौल बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए दोनों पक्षों को अलग-अलग कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को शाम करीब 4:30 बजे नगर पालिका निर्वाचन की मतगणना प्रक्रिया के दौरान वर्तमान विधायक तिलक राज बेहड़ व पूर्व विधायक राजेश शुक्ला अपने-अपने समर्थकों और प्रत्याशियों के साथ नयी मंडी स्थित मतगणना परिसर पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और उनके बीच कहासुनी तथा धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस बल ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उन्हें मौके से हटाया। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और उनके समर्थकों को सिडकुल चौकी, पंतनगर, जबकि वर्तमान विधायक तिलक राज बेहड़ और उनके समर्थकों को कोतवाली किच्छा ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि वर्तमान विधायक के साथ धक्का-मुक्की करने वाले व्यक्ति की पहचान धीरज कुमार (40 वर्ष), पुत्र शम्भू सिंह, निवासी वार्ड नंबर-04, आस्था कॉलोनी, लालपुर, थाना किच्छा के रूप में हुई। पुलिस ने उसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत धारा 170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की।
मामले में पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने वाले अन्य व्यक्तियों को भी चिन्हित किया है। पुलिस के मुताबिक अब तक कुल 30 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मतगणना प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क है।
SSP ऊधमसिंहनगर ने कहा कि जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम…
1:- उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद, कोतवाली किच्छा
2:- अपर उपनिरीक्षक संतोष उप्रेती, कोतवाली किच्छा
3:- कांस्टेबल बृजमोहन सिंह, कोतवाली किच्छा
4:- कांस्टेबल हरेन्द्र धामी, कोतवाली किच्छा



