
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; पटेलनगर क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ दून पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई कर पुलिसिंग का दम दिखाया है। एक ओर राह चलते युवक से मारपीट कर मोबाइल झपटने वाले दो शातिर पुलिस के हत्थे चढ़ गए, तो दूसरी ओर चेकिंग के दौरान पुलिस ने 11.29 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। मोबाइल स्नैचिंग के मामले में पुलिस ने वारदात में छीना गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है, जबकि पकड़े गए स्मैक तस्कर के पास से बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 3.40 लाख रुपये बताई गई है।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पटेलनगर क्षेत्र में अपराध और नशे के धंधे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया। एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को घटनाओं के त्वरित खुलासे के साथ-साथ नशा तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। एक मामले में सीसीटीवी कैमरों और मुखबिर तंत्र की मदद से मोबाइल स्नैचिंग की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा किया गया, वहीं दूसरे मामले में चेकिंग के दौरान स्मैक के साथ आरोपी को दबोच लिया गया।
केस नंबर-1: मारपीट कर मोबाइल झपटा, बेचने से पहले ही पुलिस ने दबोचा…….
पटेलनगर क्षेत्र में 25 सितंबर की शाम माजरा निवासी दानिश सब्जी मंडी से पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
घटना को चुनौती के रूप में लेते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आने-जाने वाले रास्तों के कैमरों से संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग जुटाए गए। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्धों की तलाश तेज कर दी। लगातार की जा रही सुरागरसी-पतारसी के बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने पटेलनगर क्षेत्र से मोहम्मद आरिफ और मोहम्मद फारूक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
नशे की जरूरत पूरी करने के लिए बने स्नैचर…..
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ब्राह्मणवाला क्षेत्र के रहने वाले हैं और नशे के आदी हैं। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी छीने गए मोबाइल को बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस टीम में आशीष कुमार, चौकी प्रभारी बाजार, कांस्टेबल हरमिंदर व कांस्टेबल चमन शामिल रहे।
केस नंबर-2: तीन लाख की स्मैक लेकर घूम रहा था तस्कर, पुलिस ने दबोचा…..
पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस की चेकिंग के दौरान एक और कार्रवाई में पुलिस ने 11.29 ग्राम अवैध स्मैक के साथ शंभू साहनी नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पटेलनगर पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर शंभू साहनी को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 11.29 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जल्दी पैसा कमाने के लालच में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हुआ था। उसका इरादा स्मैक को छोटी-छोटी मात्रा में स्थानीय नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने का था। हालांकि, मुनाफा कमाने की उसकी योजना पुलिस की कार्रवाई के आगे धरी रह गई और वह स्मैक समेत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बलबीर सिंह, कांस्टेबल अमित राणा व कांस्टेबल बीरेंद्र ग्वाल शामिल रहे।



