
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: फिल्म एकेडमी में सिनेमेटोग्राफी का डिप्लोमा करने मुंबई गई हरिद्वार की युवती ने एकेडमी संचालक और उसकी पत्नी पर ब्लैकमेलिंग, शोषण, मारपीट और दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का आरोप है कि संचालक ने पहले मीठी बातों से उसका भरोसा जीता और फिर शूट के बहाने अपने साथ ले जाकर लंच कराया।
खाना खाने के बाद वह बेसुध जैसी हो गई, जिसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि घटना के फोटो और वीडियो बनाकर उसे लगातार ब्लैकमेल करते हुए बार-बार दुष्कर्म किया गया। शिकायत मिलने के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को जांच के लिए मुंबई भेज दिया है।
युवती ने शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा को अपनी पूरी आपबीती बताते हुए तहरीर दी। जिसमें युवती ने बताया कि अप्रैल 2018 में उसने मुंबई स्थित एमडीएफए (मुंबई डिजिटल फिल्म्स एकेडमी) में एक वर्ष के सिनेमेटोग्राफी डिप्लोमा कोर्स में दाखिला लिया था। इसके लिए उसने एकेडमी संचालक संजीव मोहापात्रा और उसकी पत्नी रश्मि रेखा मोहापात्रा को 1.50 लाख रुपये फीस दी थी।
युवती का कहना है कि कोर्स के दौरान बेहतर प्रदर्शन के कारण संजीव उस पर विशेष ध्यान देने लगा। वह उसकी रचनात्मक सोच की तारीफ करने के साथ धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ाने लगा। शिकायत में आरोप लगाया कि एक दिन संजीव शूटिंग की बात कहकर उसे छुट्टी के दिन अपने साथ मुंबई में एक स्थान पर ले गया। वहां लंच कराने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह लगभग बेसुध हो गई। आरोप है कि इसी दौरान संजीव ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फोटो-वीडियो बना लिए। इसके बाद इन्हीं फोटो-वीडियो के जरिये उसे डराने-धमकाने और ब्लैकमेल करने का सिलसिला शुरू हो गया।
युवती का आरोप है कि संजीव जबरन उसके साथ बार-बार दुष्कर्म करता रहा और उसकी पत्नी रश्मि भी उसका साथ देती रही। घर लौटने और फीस वापस मांगने पर गाली-गलौच व मारपीट करने तथा प्रमाणपत्र नहीं देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में 21 लाख रुपये की मांग और रकम नहीं देने पर उसे व उसके परिवार को बर्बाद करने की धमकी देने का दावा किया गया है। शोषण से परेशान होकर युवती जुलाई 2022 में हरिद्वार लौट आई। शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मामला मुंबई से संबंधित है, इसलिए जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच मुंबई पुलिस को भेज दी है।



