अपराधहरिद्वार

“ई-रिक्शा और कार की जोरदार भिड़ंत, तीन की मौत, 10 घायल..

तिथौला में पेट्रोल पंप के सामने हुआ दर्दनाक हादसा, ई-रिक्शा सवार एक ही परिवार के 13 लोग आए चपेट में; छह गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
रुड़की; लंढौरा स्थित तिथौला में पेट्रोल पंप के सामने रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा सवार एक ही परिवार के 13 लोग हादसे का शिकार हो गए। सामने से आ रही कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अरशद और दिलशाद उम्र लगभग 30 वर्ष को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल आठ वर्षीय बालक उमर ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।हादसे में घायल खतीजा, रिहाना, अमरिया, इनायत, आयत और अरहम की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी छह घायलों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं अन्य घायलों का उपचार रुड़की सिविल अस्पताल में चल रहा है।बताया गया कि ई-रिक्शा में मिलापनगर, ढंढेरा निवासी एक ही परिवार के 13 लोग सवार थे। सभी लोग शादी समारोह में जा रहे थे, इसी दौरान तिथौला के पास पेट्रोल पंप के सामने सामने से आ रही कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भी शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!