
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: डायरी में सीक्रेट चैंबर, मोबाइल में लोगों के गोपनीय वीडियो और खबर चलाने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग! खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताने वाले एक हिस्ट्रीशीटर को देहरादून के पटेल नगर कोतवाली की पुलिस ने धर दबोचा। न्यूज़ रिपोर्टर का चोला उतारने के साथ-साथ देहरादून से लेकर गुजरात उड़ीसा और मध्य प्रदेश तक दर्ज उसके मुकदमों का काला चिट्ठा भी पुलिस ने खोल कर रख दिया। पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर ये पूरी कार्रवाई हुई है। पुलिस अब मोबाइल फोन से मिले गोपनीय वीडियो की जांच कर रही है।
खबर रोकने के लिए पांच लाख की मांग, 50 हजार देने पर भी धमकी……
मामला पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र का है। आजाद कॉलोनी, माजरा निवासी तनवीर खान ने 19 अक्टूबर को पुलिस को शिकायत दी कि वह कई वर्षों से प्रॉपर्टी का काम कर रहे हैं। चांचक क्षेत्र की एक संपत्ति को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। इसी बीच एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिये उनसे संपर्क किया। खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताकर उसने प्रॉपर्टी से संबंधित खबरें प्रसारित करने और उन्हें बर्बाद करने की धमकी दी।
खबरें रोकने के एवज में पांच लाख रुपये मांगे गए। शिकायत के मुताबिक, धमकी से घबराए तनवीर ने आरोपी के बताए एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा कर दिए। खाता अनुज अग्रवाल के नाम पर था। आरोप है कि रकम मिलने के बाद भी वह बाकी पैसे मांगता रहा और गाली-गलौज करते हुए धमकियां दीं। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
डायरी में मोबाइल छिपाने का सीक्रेट चैंबर…..
पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर पटेलनगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस पूरे मामले की तह तक पड़ताल की। आरोपी की पहचान अनुज अग्रवाल के रूप में कर 19 अक्टूबर की रात उसे आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, डायरी में मोबाइल छिपाने के लिए गुप्त चैंबर बनाया गया था। आरोप है कि इस व्यवस्था के जरिये लोगों के गोपनीय वीडियो बनाए जाते थे। आरोपी के मोबाइल फोन से कई लोगों के ऐसे वीडियो मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इन वीडियो का इस्तेमाल किसी को धमकाने या ब्लैकमेल करने में तो नहीं किया गया।
धोखाधड़ी से गैंगस्टर एक्ट तक, देहरादून में नौ मुकदमे…..
पुलिस के अनुसार, बिजनौर निवासी स्वर्गीय आरएल अग्रवाल के पुत्र अनुज अग्रवाल (46) का वर्तमान पता 129, द्वारिकापुरी, क्लेमेंटटाउन, देहरादून है। वह पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके विरुद्ध देहरादून में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, कूटरचना, बलवा, मारपीट, धमकी और अन्य अपराधों से संबंधित नौ मुकदमे दर्ज हैं। भारतीय दंड संहिता की धाराएं 420, 406, 467 और 468 धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और कूटरचना से जुड़े आरोपों में लगाई गई थीं।
वहीं, धाराएं 147, 323, 452, 504 और 506 बलवा, चोट पहुंचाने, घर में घुसने, अपमान और आपराधिक धमकी से संबंधित हैं। आरोपी के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई दर्ज है। पटेल नगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौड़ ने बताया कि अनुज के खिलाफ देहरादून के अलावा मध्य प्रदेश में चार, पंजाब में एक, ओडिशा में एक और गुजरात में एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। संबंधित राज्यों से इन मामलों का विवरण जुटाया जा रहा है।
———————————-
खबर प्रसारित करने की धमकी से शुरू हुआ यह मामला अब कथित वसूली, गोपनीय वीडियो और कई राज्यों में दर्ज आपराधिक मामलों की जांच तक पहुंच गया है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है, जिससे पूरे प्रकरण की कड़ियां जोड़ी जा सकें।



