
पंच👊नामा-ब्यूरो
कोटद्वार/देहरादून। पौड़ी गढ़वाल के लैंसडौन स्थित एक होटल की फायर एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगना अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी को भारी पड़ गया। सतर्कता विभाग की ट्रैप टीम ने फायर स्टेशन कोटद्वार में तैनात प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को शिकायतकर्ता से छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से अग्निशमन विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग को दी गई शिकायत में बताया था कि लैंसडौन, पौड़ी गढ़वाल स्थित उसके होटल की फायर एनओसी जारी करने के एवज में फायर स्टेशन कोटद्वार के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग ने मामले की गोपनीय जांच कराई। जांच में रिश्वत मांगने से संबंधित शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने और मामला ट्रैप के योग्य होने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में अभियोग पंजीकृत कराया गया।
इसके बाद बुधवार, 4 नवंबर 2026 को सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए भूपेश त्यागी को शिकायतकर्ता से छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अधिकारी भूपेश त्यागी फायर स्टेशन कोटद्वार में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के पद पर तैनात थे। सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई के बाद विभागीय महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।



