
पंच👊नामा
पिरान कलियर; नशे के काले कारोबार में मोटा मुनाफा कमाने की चाहत ने अमजद को पुलिस का वांटेड अपराधी बना दिया। गांजे की बड़ी खेप की तस्करी के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को आखिरकार हरिद्वार पुलिस ने गाजियाबाद से दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी तस्करी के नेटवर्क में अहम भूमिका निभा रहा था और उसके खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार और नशा मुक्त देवभूमि-2026 अभियान के तहत वांछित व इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पिरान कलियर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी अमजद सिद्दीकी की गिरफ्तारी के लिए रणनीति तैयार की।
प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कई बार दबिश दी, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा देता रहा। करीब एक साल से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर निगरानी और तलाश जारी रखी।
इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी अमित नौटियाल की अगुवाई में पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश तेज की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को उसकी लोकेशन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर टीम ने गाजियाबाद के लोनी स्थित थाना अंकुर विहार क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी अमजद सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, इसरार अली और माजिद खान ने लगातार मेहनत और सक्रियता के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं सीआईयू रुड़की के कांस्टेबल महिपाल सिंह ने भी पुलिस टीम के साथ मिलकर गिरफ्तारी में सहयोग किया। पुलिस के मुताबिक, पूरा मामला 15 जुलाई 2025 का है।
उस दिन एएनटीएफ टीम में तैनात उपनिरीक्षक रणजीत सिंह ने पुलिस टीम के साथ बेड़पुर स्थित शाहजी पीर तिराहे के पास एक आरोपी साबिर हुसैन को 21 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में साबिर ने बताया था कि गांजे की यह खेप उसने अमजद सिद्दीकी पुत्र असगर सिद्दीकी से प्राप्त की थी। गांजा कलियर में एक महिला को दिया जाना था। इस मामले में थाना पिरान कलियर पर एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान साबिर हुसैन और मामले में नामजद महिला के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय भेज दिया गया था, जबकि अमजद लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अमजद सिद्दीकी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
उसके खिलाफ गाजियाबाद के थाना कविनगर में वर्ष 2017 में एनडीपीएस एक्ट, दिल्ली के थाना विजय विहार में वर्ष 2022 में एनडीपीएस एक्ट और वर्ष 2007 में लूट, मारपीट व आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा कलियर में गांजा तस्करी का मौजूदा मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।



