“गन्ना किसानों के हक की आवाज उठाएंगे स्वामी यतीश्वरानंद, सीएम धामी से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल..
बिजली बिलों की पैनल्टी माफी और मानदेय वृद्धि पर धामी सरकार का जताया आभार, बोले- मतदाता सूची से छूटे नाम जुड़वाने में जुटें कार्यकर्ता..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; गन्ना किसानों के लिए अच्छी खबर है। गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी की मांग को लेकर जल्द ही किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेगा। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने यह ऐलान करते हुए कहा कि किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। उन्होंने बिजली बिलों की पैनल्टी माफ करने और गेस्ट शिक्षकों, आशा कार्यकर्ताओं व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने के फैसलों के लिए भी धामी सरकार का आभार जताया।
बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत शक्ति केंद्र सम्मेलनों का आयोजन किया गया। मंडल भोगपुर-पंचपुरी के शक्ति केंद्र बाणगंगा धारीवाला और रानीमाजरा में आयोजित सम्मेलनों में पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी गई।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि धामी सरकार ने किसानों के ट्यूबवेलों और घरेलू बिजली कनेक्शनों के बिलों पर पैनल्टी माफ कर बड़ी राहत देने का काम किया है। वहीं, गेस्ट शिक्षकों, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि कर सरकार ने उनके हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों की मांग को भी मजबूती से मुख्यमंत्री के सामने रखा जाएगा। इसके लिए किसानों का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए घर-घर पहुंचें कार्यकर्ता…..
स्वामी यतीश्वरानंद ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची को लेकर विशेष अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नई मतदाता सूची में कई लोगों के नाम जुड़ने से रह गए हैं। इसके अलावा हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को भी मतदाता सूची में शामिल कराना जरूरी है। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इस दौरान सभी को बूथवार मतदाता सूचियां उपलब्ध कराई गईं।
सरकार की योजनाएं जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान…..
सम्मेलन के मुख्य वक्ता जिला मीडिया संयोजक धर्मेंद्र चौहान ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। मंडल अध्यक्ष सुशील पंवार ने कार्यक्रम का संचालन किया।
इस अवसर पर साधुराम चौहान, मदन चौहान, नेत्रपाल चौहान, सहकारी समिति अध्यक्ष विजयपाल चौहान, शेषराज सैनी, देशराम सैनी, सुशील प्रधान, सतीश चौहान, अजय चौहान, अशोक चौहान, ललित सैनी, वेदपाल राणा, आदेश चौहान, अनुराग चौहान, बिजेंद्र सैनी, सतीश कुमार, मगन राठौर और पवन राठौर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों, बूथ संयोजकों और बीएलए-टू को घर-घर जाकर पार्टी की रीति-नीतियों एवं सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया गया।



