देहरादून

“उत्तराखंड की बेटियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बजरंग दल पर भड़का सुराज सेवा दल, हनी ट्रैप के मामले में समझौते के नाम पर उगाही के भी आरोप..

कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार विरोध प्रदर्शन, आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज करने और पीड़िताओं को सुरक्षा देने की भी मांग, (देखें वीडियो)..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड की बेटियों को लेकर कथित आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में सुराज सेवा दल ने बजरंग दल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दल ने इस मामले में कड़ी नाराजगी जताते हुए टिप्पणी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही हनी ट्रैप से जुड़े मामलों में समझौते के नाम पर कथित उगाही और बजरंग दल के नाम का इस्तेमाल कर वसूली किए जाने के आरोप भी उठाए। सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और एसपी सिटी को ज्ञापन सौंपकर सभी मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की।रमेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियों के सम्मान और गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वाली किसी भी टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नाबालिग बेटियों को लेकर आपत्तिजनक बयान देना बेहद गंभीर मामला है। पुलिस को ऐसे बयान देने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि आरोपों से संबंधित साक्ष्य मौजूद हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच कर पॉक्सो एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए। वहीं, किसी को झूठे आरोपों में फंसाने की कोशिश हुई है तो उसकी भी जांच होनी चाहिए।हनी ट्रैप के मामलों में समझौते के नाम पर वसूली का आरोप…..
सुराज सेवा दल ने हनी ट्रैप से जुड़े मामलों में कथित आर्थिक लेनदेन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पूर्व में कुछ मामलों में समझौते कराए जाने और इसके पीछे आर्थिक लेनदेन होने की आशंका है। रमेश जोशी ने मांग की कि पुलिस ऐसे मामलों की गहराई से जांच करे और पता लगाए कि कहीं पीड़िताओं या दूसरे पक्ष पर दबाव बनाकर समझौते के नाम पर धनराशि तो नहीं वसूली गई। उन्होंने पीड़िताओं और उनके परिवारों को सुरक्षा देने तथा किसी भी तरह का दबाव नहीं बनाने की मांग भी की।बजरंग दल के नाम पर उगाही करने वालों की हो जांच….
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कुछ लोग बजरंग दल के नाम का इस्तेमाल कर कथित तौर पर उगाही कर रहे हैं। दल ने ऐसे लोगों की भूमिका की जांच और संबंधित कार्यकर्ताओं का पुलिस सत्यापन कराने की मांग की। इसके अलावा स्मैक बिक्री, गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमीनों पर कब्जे जैसी गतिविधियों में कुछ लोगों की कथित संलिप्तता के आरोप भी लगाए गए। रमेश जोशी ने कहा कि किसी भी धार्मिक संगठन के नाम पर अवैध गतिविधियों को संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। ऐसी गतिविधियों से भगवान श्रीराम और हनुमान जी के नाम की छवि भी धूमिल होती है।दल ने सोशल मीडिया पर नाबालिग बेटियों की तस्वीर, पहचान और निजी जानकारी सार्वजनिक करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में कावेरी जोशी, पूजा नेगी, संगीता, भूमिका, राखी, नसरीन, सुमन, नेहा, यशवी, सानिया, मुस्कान, ममता, सुनीता साहनी, नीतू, विजेंद्र, लालमणि भारद्वाज, दीपक राणा, अमित राणा, अमित अग्रवाल, सूचित अग्रवाल, इंतजार, आलिम, नौशाद, हाकम, नितिन कटारिया, आदिल, कुणाल, शिवम, राजेश थापा, अरविंद और नदीम समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!