
पंच👊नामा
मंगलौर; नशे के कारोबार पर हरिद्वार पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। नशे के धंधेबाजों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच मंगलौर पुलिस ने दो और आरोपियों को दबोचकर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 378.75 ग्राम अवैध चरस बरामद की है। इतना ही नहीं, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में नशे के धंधे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए पुलिस को विशेष चेकिंग अभियान चलाने और संदिग्ध वाहनों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर के नेतृत्व में मंगलौर पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर बॉर्डर क्षेत्रों के साथ-साथ हाईवे, लिंक रोड और गांव-कस्बों की ओर जाने वाले संपर्क मार्गों पर चेकिंग अभियान तेज किया। इसी दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 378.75 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके से हुंडई क्रेटा कार को भी अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी घास मंडी रोड, निकट वाल्मीकि धर्मशाला, कोतवाली ज्वालापुर, हरिद्वार व आस मोहम्मद पुत्र लियाकत निवासी ग्राम ढंडेरा, कोतवाली रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली मंगलौर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आनन्द मेहरा, कांस्टेबल सुधीर, हेड कांस्टेबल रियाज अली (जनपद एंटी नारकोटिक्स ड्रग टीम) कांस्टेबल नितुल व कांस्टेबल रणजीत सिंह शामिल रहे।



