
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: लच्छीवाला टोल प्लाजा पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। खनन सामग्री से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक टोल प्लाजा पर खड़ी कार को जोरदार टक्कर मारते हुए घसीट ले गया। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई।
————————————-
ट्रक की टक्कर से पिचक गई कार, शव निकालने में करनी पड़ी मशक्कत….प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोल प्लाजा पर जब कार टोल शुल्क अदा करने के लिए रुकी थी, तभी तेज गति से आ रहा ट्रक अचानक बेकाबू हो गया और पीछे से कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक और टोल प्लाजा पर लगे पोल के बीच बुरी तरह फंस गई। टक्कर के बाद कार पूरी तरह पिचक गई, जिससे उसमें सवार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान रत्नमणि उनियाल और पंकज कुमार, निवासी इंद्रप्रस्थ एनक्लेव, रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है।
————————————-
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा…..हादसे की पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि ट्रक किस तरह तेजी से आता है और सीधे कार को टक्कर मारकर घसीटते हुए ले जाता है। टक्कर के बाद ट्रक टोल प्लाजा के पोल से टकराकर रुका।
————————————-
पुलिस ने शुरू की जांच……पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ट्रक के ब्रेक फेल हो गए थे, जिससे यह दुर्घटना हुई। पुलिस ट्रक चालक से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
————————————-
मृतकों के परिवार में मचा कोहराम…..
इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
————————————-
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश…..इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने टोल प्लाजा पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के आदेश दिए हैं। प्रशासन यह भी जांच करेगा कि क्या टोल प्लाजा पर वाहनों की गति नियंत्रण के लिए उचित व्यवस्था की गई थी या नहीं।