
पंचनामा-ब्यूरो
हरिद्वार: भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कांग्रेस पार्टी को लेकर विवादित बयान दिया है। मीडिया से बातचीत में दुष्यंत गौतम ने कहा कि कांग्रेसी तो मंदिरों में लड़कियां छेडऩे जाते हैं। इतना ही नहीं दुष्यंत गौतम ने कांग्रेस पर सनातन धर्म के अपमान का आरोप भी लगा डाला।

इस पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताते हुए बयान की निंदा की है और दुष्यंत गौतम के बयान को भाजपा की सोच बताया है। इतना ही नहीं अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा नेता रहे विनोद आर्य के बेटे पुलकित आर्य की याद दिलाते हुए पुरजोर पलटवार किया।
उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम इन दिनों देहरादून में हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कांग्रेस को लेकर एक विवादित बयान दिया है। दुष्यंत गौतम ने कहा कि कांग्रेस तो भगवान राम के अस्तित्व को भी नकार चुकी है लेकिन अब उसी परिपाटी पर चलते हुए वैसा ही अध्यक्ष तलाश रही है। जिसके बाद कांग्रेस में विरोध शुरू हो गया है। प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर पिछले कई दिनों से सरकार पर हमले कर रही कांग्रेस को बैठे-बिठाए मुद्दा मिल गया।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि ऐसा कहने से पहले भाजपा को अपने अंदर झांकना चाहिए। उन्होंने गौतम के बयान की निंदा करते हुए इसे भाजपा की सोच करार दिया। उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न की ज्यादातर घटनाओं में भाजपा और संघ के चेहरे सामने आ चुके हैं।

अंकिता हत्याकांड का हवाला देते हुए दुष्यंत गौतम से सवाल पूछा कि वह बताएं कि उत्तराखंड की बेटी की हत्या करने वाले लोग कौन हैं। गौरतलब है कि अंकिता भंडारी की हत्या में भाजपा नेता और दो-दो बार दर्जाधारी मंत्री रहे विनोद आर्य का बेटा पुलकित आर्य व उसके साथी जेल में है।