“कांवड़ और कुंभ से पहले हरकत में आया प्रशासन, रेलवे की जमीन से हटाए गए 40 से अधिक अवैध आशियाने..

पंच👊नामा
योगेश शर्मा, हरिद्वार; चारधाम यात्रा, आगामी कांवड़ मेले और कुंभ मेले को सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों के बीच जिला प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे की भूमि से दर्जनों झुग्गी-झोपड़ियों को हटवा दिया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में टीबड़ी रेलवे अंडर ब्रिज (आंबेडकर चौक) के पास रेलवे की भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए अस्थायी कब्जों पर बुलडोजर चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान रेलवे प्रशासन, पुलिस विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 40 से 45 झुग्गी-झोपड़ियों को हटाया। अभियान के दौरान भारी पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सकी।
नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने बताया कि रेलवे प्रशासन की ओर से उनकी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से सहयोग मांगा गया था।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार रेलवे, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा यह अभियान चलाया गया, जिसमें अवैध रूप से निर्मित 40 से 45 झुग्गी-झोपड़ियों को हटाकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में संचालित चारधाम यात्रा, आगामी कांवड़ मेले तथा कुंभ मेले को सुगम एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से सरकारी भूमि, सड़क किनारे, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर
किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।



