
पंच👊नामा
रूड़की: हरिद्वार जनपद में नशे के कारोबार पर करारा वार करते हुए कोतवाली मंगलौर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर करीब 10 लाख रुपये कीमत की स्मैक बरामद की है। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सख्त अभियान जारी है। इसी क्रम में मंगलौर क्षेत्र में पुलिस टीमों का गठन कर नशे के धंधे में लिप्त लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। लिंक रोड, हाईवे और गांव-कस्बों की ओर जाने वाले मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप पुलिस को यह बड़ी सफलता हाथ लगी।
प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह मेहर के नेतृत्व में गठित टीमों ने कार्रवाई करते हुए पहले मामले में सईद अहमद निवासी कस्बा मंगलौर को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 26.28 ग्राम स्मैक (कीमत लगभग 8 लाख रुपये) बरामद हुई। वहीं दूसरे मामले में मुनीर और सलमान निवासी पिरान कलियर को दबोचते हुए उनके पास से 6.52 ग्राम स्मैक (कीमत करीब 2 लाख रुपये) बरामद की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली मंगलौर में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में नितिन विष्ट (चौकी प्रभारी मंगलौर बाजार) हेमदत्त भारद्वाज (चौकी प्रभारी नारसन) अपर उपनिरीक्षक श्याम बाबू, हेडकांस्टेबल अमित शर्मा, कांस्टेबल हाकम सिंह व कांस्टेबल पंकज चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



