‘भाई जिंदा है…!’ हरिद्वार से आई खबर सुनकर फूट पड़े खुशी के आंसू..
4 महीने बाद मिला 'मूक-बधिर' बिछड़ा भाई, श्यामपुर पुलिस ने लौटाई परिवार की खुशियां..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: थाना श्यामपुर पुलिस की मुस्तैदी और संवेदनशीलता ने एक परिवार की सूनी आंखों में फिर से खुशी लौटा दी। बिहार से चार महीने पहले लापता हुआ एक मूक और मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक जब हरिद्वार की सड़कों पर लावारिस हालत में भटकता मिला,
तो किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही घंटों में उसका परिवार उससे मिलकर भावुक हो उठेगा। पुलिस की तत्परता ने बिछड़े भाई को उसके अपने तक पहुंचाकर इंसानियत की मिसाल पेश की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर हरिद्वार पुलिस लगातार ग्राउंड जीरो पर सक्रिय होकर खोये हुए लोगों और जरूरतमंदों की मदद में जुटी हुई है। इसी क्रम में थाना श्यामपुर पुलिस ने गुरुवार को गश्त और चेकिंग के दौरान
बाहरपीली क्षेत्र के पास एक युवक को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा। युवक बोलने में असमर्थ था और मानसिक रूप से भी अस्वस्थ प्रतीत हो रहा था। पुलिस टीम उसे विश्वास में लेकर थाने लाई और तुरंत उसकी पहचान के प्रयास शुरू किए।
थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोशल मीडिया, जिला और प्रदेश स्तर पर खोये हुए बच्चों व व्यक्तियों के रिकॉर्ड खंगालने शुरू किए। लगातार प्रयासों का नतीजा यह रहा कि महज तीन घंटे के भीतर युवक की पहचान नितीश कुमार पुत्र साधु यादव निवासी ग्राम बिहरानी, पोस्ट मच्छी, थाना बहेड़ी, जिला दरभंगा, बिहार के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस ने उसके भाई राज नारायण यादव से संपर्क किया। हरिद्वार पहुंचकर जब राज नारायण ने अपने चार महीने से लापता भाई नितीश कुमार को देखा तो उसकी खुशी और भावुकता का ठिकाना नहीं रहा। पुलिस की मौजूदगी में दोनों भाइयों का मिलन बेहद भावुक पल बन गया।
आवश्यक कार्रवाई के बाद थाना श्यामपुर पुलिस ने नितीश कुमार को सकुशल उसके भाई के सुपुर्द कर दिया। परिवार ने हरिद्वार पुलिस का दिल से आभार जताया।
पुलिस टीम….
एसएसआई: मनोज रावत
अपर उपनिरीक्षक: दरम्यान सिंह
हेडकांस्टेबल: बृजमोहन सिंह
कांस्टेबल: अजय चौहान
होमगार्ड: अंकित रावत



