
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; शराब की दुकानों पर निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने यानी ओवररेटिंग की शिकायतों को लेकर आबकारी विभाग ने गोपनीय जांच शुरू की है। जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजौला के निर्देश पर विभागीय टीमों ने जिलेभर में अलग-अलग स्थानों पर शराब की दुकानों की रैंडम चेकिंग की। खास बात यह रही कि जांच के दौरान आबकारी कर्मचारियों ने ग्राहक बनकर दुकानों से शराब खरीदी, ताकि वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके।
विभागीय टीमों ने मालकपुर चुंगी, सिविल लाइन बस अड्डा, सिविल लाइन तिराहा, डबल फाटक, मालवीय नगर और हल्लू मजरा समेत विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर दुकानों की गोपनीय तरीके से जांच की। इसके अलावा ज्वालापुर क्षेत्र के नया गांव स्थित अंग्रेजी शराब और देसी शराब की दुकानों पर भी टीमों ने ग्राहक बनकर खरीदारी की।
अधिकारियों के मुताबिक, जांच का उद्देश्य दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर शराब बिक्री की वास्तविकता परखना था। इसके लिए जिलेभर में अलग-अलग दुकानों से रैंडम तरीके से शराब खरीदी गई। जांच के दौरान किसी भी दुकान पर ओवररेटिंग का मामला सामने नहीं आया।
जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजौला ने बताया कि विभागीय टीमों की गोपनीय चेकिंग में फिलहाल कहीं भी ओवररेटिंग सामने नहीं आई है। दुकानदारों को निर्धारित दर पर ही शराब बिक्री करने और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग की ओर से निगरानी जारी रहेगी और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।



