
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; श्रावण मास कांवड़ मेले की भारी भीड़ के बीच जीआरपी हरिद्वार ने सतर्कता और मुस्तैदी का परिचय देते हुए एक बड़ी संभावित वारदात को समय रहते टाल दिया। साधु के भेष में रेलवे स्टेशन परिसर में संदिग्ध रूप से घूम रहे एक व्यक्ति को 12 इंच लंबे अवैध धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
भीड़भाड़ वाले कांवड़ मेले में इस तरह का घातक हथियार लेकर घूम रहा आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।
जीआरपी कप्तान अरुणा भारती के सख्त निर्देशों व सीओ जीआरपी अनुज के कुशल पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कांवड़ मेले के दौरान रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध साधु के संबंध में सूचना मिली, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम ने उसे दबोच लिया।
हरिद्वार जीआरपी इंस्पेक्टर बिपिन पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन हरिद्वार के सर्कुलेटिंग एरिया में साधु के वेश में घूम रहे राजेश कुमार (51 वर्ष) पुत्र माणकलाल, निवासी बड़ी ब्रह्मपुरी, भीनयाल, जिला जालौर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके दाहिने पैर में घुटने और एड़ी के बीच कपड़े से कसकर बांधा गया लगभग 12 इंच लंबा अवैध धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी ने हथियार रखने का कोई संतोषजनक कारण नहीं बताया।
पुलिस के अनुसार कांवड़ मेले में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच इस प्रकार का घातक हथियार लेकर घूमना गंभीर सुरक्षा खतरे का संकेत है। समय रहते आरोपी की गिरफ्तारी से किसी संभावित बड़ी वारदात की आशंका को टाल दिया गया। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। न्यायालय के आदेश पर उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार हरिद्वार भेज दिया गया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम….
1:- उपनिरीक्षक नीरज जोशी
2:- अपर उपनिरीक्षक अतुल
3:- हेड कांस्टेबल पृथ्वी नेगी
4:- हेड कांस्टेबल मोहित कुमार
5:- कांस्टेबल अभिषेक
6:- कांस्टेबल राजीव



