“दरबार ए साबरी में सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत की अकीदत, प्रतिनिधि के हाथों पेश कराई चादर..
साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स में चादरपोशी के बाद देश-प्रदेश में अमन, सौहार्द और खुशहाली दुआ..

पंच👊नामा
पिरान कलियर; विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स के दौरान रविवार को हरिद्वार लोकसभा सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत की ओर से दरबार ए साबरी में चादर पेश कर देश और प्रदेश की खुशहाली की दुआ की गई। सांसद के प्रतिनिधि शाहनवाज मंसूरी चादर लेकर पिरान कलियर पहुंचे, जहां पूरी अकीदत और एहतराम के साथ दरगाह साबिर पाक में चादरपोशी की गई। इस दौरान दरगाह बाबा शमशुद्दीन तुर्क पानीपती के गद्दीनशीन हाफिज मेहराज ने विशेष दुआ कराई।
सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने अपने संदेश में कहा कि पिरान कलियर स्थित साबिर पाक का सालाना उर्स आस्था, श्रद्धा और मानवता की सेवा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भारत में सदियों से सूफी-संतों और ऋषि-मुनियों ने मानवता के कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। साबिर पाक ने भी इंसानियत और मांगता के कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित किया। सांसद ने देश एवं प्रदेश में अमन-चैन, सौहार्द और समृद्धि बनी रहने व जनकल्याण की कामना की।
सांसद के प्रतिनिधि शाहनवाज मंसूरी ने कहा कि सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत की ओर से उर्स के मौके पर चादर पेश कर सभी की खुशहाली, आपसी भाईचारे और देश-प्रदेश में अमन-शांति के लिए दुआ की गई है। उन्होंने कहा कि दरबार ए साबरी करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और यहां आने वाला हर जायरीन इंसानियत, मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम लेकर लौटता है।
चादरपोशी के बाद गद्दीनशीन हाफिज मेहराज ने मुल्क और प्रदेश की तरक्की, अमन-चैन तथा सभी लोगों की सलामती के लिए दुआ कराई। इस मौके पर दरगाह से जुड़े खादिम इस्तेखार सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।



