“वक्फ बोर्ड सीईओ के अतिरिक्त पदभार में बदलाव, सैय्यद शिराज उस्मान की जगह मौ. आरिफ नियुक्त..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। उत्तराखंड शासन ने वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के अतिरिक्त पदभार में बदलाव करते हुए यह जिम्मेदारी अब मोहम्मद आरिफ को सौंप दी है। इस संबंध में अल्पसंख्यक कल्याण अनुभाग, उत्तराखंड शासन की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी शासनादेश के अनुसार, इससे पूर्व उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सैय्यद शिराज उस्मान, अधिशासी अभियंता, उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड, हरिद्वार (शहरी) के पास था, अब उस आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
नवीन आदेश के तहत मोहम्मद आरिफ, अनु सचिव, लोक आयुक्त कार्यालय उत्तराखंड (वर्तमान में अधिशासी अधिकारी, उत्तराखंड राज्य हज समिति) को आगामी आदेशों तक उत्तराखंड वक्फ बोर्ड, देहरादून के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस अतिरिक्त दायित्व के निर्वहन के लिए मोहम्मद आरिफ को किसी प्रकार का अतिरिक्त वेतन, मानदेय या भत्ता देय नहीं होगा। साथ ही उन्हें निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से पदभार ग्रहण करते हुए वक्फ बोर्ड से संबंधित कार्यों में अपने योगदान की आख्या शासन को उपलब्ध कराएं।



