हरिद्वार

“कुंभ-2027 की तैयारियों में पुलिस ने झोंकी ताकत, एडीजी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, अफसरों को दिए सख्त निर्देश..

हर स्नान पर्व के लिए पहले से तैयार होगा अलग प्लान, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का रखा जाएगा खास ध्यान..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; कुंभ-2027 को लेकर पुलिस महकमे ने भी अपनी तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है। हरिद्वार में आस्था के सबसे बड़े समागम को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों ने तैयारियों का पूरा खाका खंगाला। पुलिस कार्यालय रोशनाबाद के सभागार में हुई समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों से लेकर पुलिस बल की तैनाती, यातायात, पार्किंग, सीसीटीवी, ड्रोन, अग्नि सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण तक हर महत्वपूर्ण पहलू पर मंथन हुआ।एडीजी प्रशासन उत्तराखंड एपी अंशुमान ने कहा कि कुंभ-2027 के मद्देनजर पुलिस विभाग से जुड़े सभी निर्माण और अन्य आवश्यक कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि कुंभ में प्रत्येक स्नान पर्व महत्वपूर्ण है, इसलिए प्रत्येक पर्व को ध्यान में रखते हुए पहले से स्पष्ट और प्रभावी प्लान तैयार किया जाए। आवश्यकता के अनुसार स्नान पर्वों पर पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि भीड़ नियंत्रण, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर तरीके से संभाला जा सके।आईजी कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने बैठक में कुंभ क्षेत्र की सुरक्षा व पुलिस व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियों की जानकारी साझा की। उन्होंने अधिकारियों के साथ पुलिस बल की उपलब्धता, अतिरिक्त फोर्स की आवश्यकता, यातायात व्यवस्था, अस्थायी थानों व चौकियों, होल्डिंग और पार्किंग स्थलों के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में सभी व्यवस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है और इसके लिए तैयारियों को समय रहते धरातल पर उतारा जाना आवश्यक है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ हरिद्वार आयुष अग्रवाल ने कुंभ-2027 को लेकर अब तक की गई तैयारियों और आगामी कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने निर्माणाधीन मेला नियंत्रण भवन, पुलिस लाइन, यातायात पुलिस लाइन, जीआरपी लाइन, अस्थायी थाना-चौकियों व कुंभ कोर क्षेत्र में प्रस्तावित होल्डिंग एवं पार्किंग स्थलों की स्थिति से अधिकारियों को अवगत कराया। साथ ही सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन, वाहनों, पुलिस कार्मिकों और अन्य संसाधनों की उपलब्धता तथा अतिरिक्त आवश्यकता की जानकारी भी बैठक में रखी।अग्नि सुरक्षा से लेकर सीसीटीवी और ड्रोन तक की समीक्षा…..
बैठक में कुंभ मेले के दौरान अग्नि सुरक्षा के लिए तैयार की गई आपात योजना की भी समीक्षा की गई। अग्निशमन व भीड़ नियंत्रण से संबंधित उपकरणों की उपलब्धता, अतिरिक्त उपकरणों की आवश्यकता और उनकी खरीद प्रक्रिया की जानकारी ली गई। इसके अलावा कुंभ क्षेत्र में लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के लिए चिह्नित स्थानों, वर्तमान में उपलब्ध वाहनों तथा अतिरिक्त वाहनों की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।बजट और पुलिस बल की उपलब्धता पर भी मंथन….
अधिकारियों ने अब तक अवमुक्त बजट की स्थिति तथा अतिरिक्त बजट की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श किया। कुंभ मेले में तैनात किए जाने वाले पुलिस कार्मिकों की उपलब्धता और अतिरिक्त पुलिस बल की जरूरत को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। एडीजी प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।ये अधिकारी रहे मौजूद…..
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन उत्तराखंड एपी अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक सुनील कुमार मीणा, पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, पुलिस मुख्यालय/पीएम बरिंदरजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे, पुलिस अधीक्षक जीआरपी अरुणा भारती, पुलिस अधीक्षक यातायात/अपराध हरिद्वार निशा यादव, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण देहरादून जया बलूनी, अपर पुलिस अधीक्षक संचार विपिन कुमार, उपसेनानायक एसडीआरएफ शुभांक रतुड़ी, सीएफओ कुंभ/हरिद्वार वंश बहादुर यादव तथा मंडलाधिकारी कुंभ/हरिद्वार संतोष बगड़वाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!