
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; अवैध असलहा के मामले में जेल की हवा खाकर लौटे एक युवक को थाना परिसर में रील बनाना और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करना भारी पड़ गया। रील डालकर क्षेत्र में कथित तौर पर हुड़दंग मचाने के बाद युवक ग्राम सुकरासा में राहगीरों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने लगा। सूचना मिलते ही पथरी पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद युवक ने माफी भी मांगी।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और हुड़दंग व अराजकता फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना पथरी पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सुकरासा में एक युवक सड़क से गुजर रहे राहगीरों को परेशान कर रहा है और समझाने पर मारपीट पर उतारू हो रहा है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि उक्त युवक अवैध असलहा के मामले में जेल से लौटने के बाद थाना परिसर में रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर चुका है।
थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल ग्राम सुकरासा पहुंची। मौके पर एक युवक राहगीरों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते हुए उत्तेजित अवस्था में मिला। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने उसे समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और लगातार गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक के कृत्य से शांति व कानून व्यवस्था प्रभावित होने और किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए उसे कारण बताते हुए नियमानुसार धारा हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्त में आने के बाद युवक ने पुलिस से माफी भी मांगी।गिरफ्तार/हिरासत में लिया गया आरोपी विनीत पुत्र ब्रह्मपाल, निवासी ग्राम धारीवाला, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार। इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक महेन्द्र पुंडीर और अपर उपनिरीक्षक जसवंत बिष्ट ने अंजाम दिया।



