पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। जनपद के फेरूपुर क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार मार्ग पर फेरूपुर के पास अनियंत्रित कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने भिड़ंत में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विकास कुमार निवासी फेरूपुर (कार चालक), चरण सिंह निवासी कलियर, रुड़की (यात्री) और आस मुहम्मद निवासी नसीरपुर खुर्द, लक्सर (ई-रिक्शा चालक) के रूप में हुई है। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



