
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: शिवलोक कॉलोनी गुरुवार देर रात चीखों से दहल उठी, जब जिला अस्पताल में तैनात सरकारी चालक मुकेश पुजारी ने अपनी माशूका और ब्यूटीशियन पिंकी चौधरी की बेरहमी से हत्या कर दी। रिश्तों की डोर शक की आंच सह न सकी और देखते ही देखते इश्क का यह रिश्ता खून में बदल गया।
—————————————-
ब्यूटी पार्लर से सोशल मीडिया तक मशहूर थी पिंकी….पिंकी चौधरी स्वच्छंद विचारों वाली महिला थीं। वह शिवलोक कॉलोनी में ब्यूटी पार्लर चलाती थीं और सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहती थीं। उनकी कला और खुले विचारों की वजह से वह स्थानीय महिलाओं के बीच लोकप्रिय थीं। पहले पति से अलग होकर वह अपनी बेटी के साथ रहती थीं।
—————————————-
शादीशुदा होने के बावजूद लिव-इन में रह रहा था मुकेश…..करीब कुछ साल पहले पिंकी की मुलाकात जिला अस्पताल में तैनात ड्राइवर मुकेश पुजारी से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे लिव-इन में साथ रहने लगे। जबकि मुकेश शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी हैं। रिश्ते की शुरुआत में सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन समय बीतने के साथ उनके बीच दरारें गहराने लगीं।
—————————————-
शक ने ली जान, रॉड से किया हमला…..बीते कुछ दिनों से मुकेश को शक था कि पिंकी का किसी अन्य व्यक्ति से संबंध है। इसी शक ने उसकी सोच को हैवानियत में बदल दिया। गुरुवार देर रात गुस्से में आकर उसने पिंकी पर रॉड से हमला कर दिया। वार इतने भीषण थे कि पिंकी की मौके पर ही मौत हो गई।
—————————————-
घटना के बाद खुद पुलिस को दी सूचना……हत्या के बाद आरोपी मुकेश ने खुद ही पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की तफ्तीश की जा रही है।